कृषि कानूनों से बिचौलियों की होगी छुट्टी : मनोज तिवारी
नवीन शाहदरा स्थित उत्तरी छज्जूपुर में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने कृषि कानूनों को जनहित के लिए उचित बताया। उन्होंने कहा कि इन कानूनों से किसान को अपनी उपज कहीं भी जाकर बेचने की स्वतंत्रता मिली है।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
नवीन शाहदरा स्थित उत्तरी छज्जूपुर में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने कृषि कानूनों को जनहित के लिए उचित बताया। उन्होंने कहा कि इन कानूनों से किसान को अपनी उपज कहीं भी जाकर बेचने की स्वतंत्रता मिली है। उनके और खरीदार के बीच आने वाले बिचौलियों की छुट्टी होगी। किसानों को उनकी उपज का अच्छा दाम मिलेगा। सत्ता के लिए कुछ दल किसानों को भ्रमित कर राजनीतिक रोटी सेकने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले किसानों को मंडियों तक उपज ले जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, लेकिन इन कानूनों के लागू होने से खरीदार किसानों के खेत तक पहुंचेंगे। जो व्यापारी किसानों को उचित दाम देगा, किसान उससे सीधे सौदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंटरनेट के माध्यम से मंडियों और व्यापारियों को सीधे किसानों से जोड़ने का काम कर रहे हैं। ऐसे में कुछ दलों के नेता इंटरनेट पर भ्रामक प्रचार कर देश को तोड़ने का षड्यंत्र कर रहे हैं। राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए किसानों को भ्रमित कर देश के सामने मुसीबत खड़ी करना चाहते हैं। उन्होंन कहा कि कृषि कानूनों से किसानों को नुकसान हुआ तो मैं सांसद पद से इस्तीफा दे दूंगा। इस मौके पर निश्शुल्क पौधे और जैविक खाद वितरित की गई। कृषि से जुड़े लोगों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मास्टर बिनोद कुमार, कोषाध्यक्ष मुकेश बंसल, विधायक जितेंद्र महाजन पार्षद सचिन शर्मा, आनंद त्रिवेदी, देवेश भारद्वाज, बीके शर्मा, मीडिया प्रमुख ओम चौधरी आदि मौजूद रहे।