मस्जिदों में जमात के साथ हुई जुमे की नमाज
शारीरिक दूरी व मास्क लगाकर पढ़ी गई नमाज एक मस्जिद में दो बार हुई नमाज फोटो संख्य
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : शुक्रवार को लंबे इंतजार के बाद यमुनापार की मस्जिदों में जुमे की नमाज जमात के साथ पढ़ी गई। नमाजियों ने शारीरिक दूरी का पालन कर मुंह पर मास्क लगाकर नमाज पढ़ी। कोरोना से छुटकारा पाने के लिए लोगों ने खुदा से दुआएं मांगी। फर्ज नमाज होते ही मस्जिदों को बिना देरी किए खाली करवा लिया गया। इसके बाद मस्जिदों में सैनिटाइज करवाया गया। राजधानी में लॉकडाउन होते ही धार्मिक स्थलों के दरवाजों को बंद कर दिया गया था।
आम दिनों में जुमे की नमाज से काफी पहले ही नमाजी मस्जिदों में पहुंचने शुरू हो जाते थे। लेकिन कोरोना काल में जुमे की नमाज से दस मिनट पहले ही मस्जिदों में नमाजियों को प्रवेश दिया गया। उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया गया, जिन्होंने मास्क पहना हुआ था। जिन लोगों ने मास्क नहीं लगाया हुआ था, उन्हें वापस भेज दिया गया। कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्होंने मस्जिदों में न जाकर अपने घर व दुकान पर ही नमाज अदा कर ली। मस्जिदों में भीड़ न लगे, इसे देखते हुए एक मस्जिद में दो बार जुमे की नमाज पढ़ी गई। ब्रह्मपुरी स्थित इस्लामिया मस्जिद के ईमाम मौलाना सईद अहमद कासमी ने बताया कि सरकार व स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के मद्देनजर जो दिशानिर्देश जारी किए हुए हैं, उनका सख्ती से पालन किया जा रहा है। मस्जिद में सभी ने मास्क लगाकर व शारीरिक दूरी का पालन करते हुए नमाज पढ़ी। उन्होंने कहा कि सभी से अपील की जा रही है बिना वजह अपने घरों से न निकले, किसी से हाथ न मिलाएं। समय समय पर अपने हाथों को धोएं। मस्जिद कमेटी के सदस्य रईस सलमानी ने बताया कि दो बार जुमे की नमाज अदा की गई है, भीड़ न लगे इसलिए इसलिए सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए नमाज पढ़ी गई है। वहीं गांधी नगर पुश्ता रोड स्थित मदीना मस्जिद के बाहर हिदू मुस्लिम, सिख ईसाई कमेटी के कार्यकर्ता तैनात रहे, कमेटी के अध्यक्ष परवेज मियां ने बताया कि मस्जिद अंदर ही सभी लोगों ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए नमाज अदा की।