गणतंत्र दिवस की परेड में फिट इंडिया का संदेश देंगी यमुनापार की छात्राएं
गणतंत्र दिवस की परेड देखने की उत्सुकता हर किसी को होती है। यदि परेड का हिस्सा बनने का मौका मिले तो यह किसी के जीवन में गर्व का क्षण हो सकता है। इस बार 26 जनवरी को उत्तर पूर्वी जिले के यमुना विहार में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय बी-2 की छात्राएं परेड में शामिल होंगी।
रितु राणा, पूर्वी दिल्ली :
गणतंत्र दिवस की परेड देखने की उत्सुकता हर किसी को होती है। यदि परेड का हिस्सा बनने का मौका मिले तो यह किसी के जीवन में गर्व का क्षण हो सकता है। इस बार 26 जनवरी को उत्तर पूर्वी जिले के यमुना विहार में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय बी-2 की छात्राएं परेड में शामिल होंगी। दिल्ली सरकार के स्कूलों में सिर्फ इसी स्कूल की छात्राएं गणतंत्र दिवस की परेड का हिस्सा बनेंगी, जो न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरी राजधानी के लिए गर्व का क्षण होगा। इसके अलावा दिल्ली से माउंट आबू रोहिणी व डीटीईए तमिल स्कूल के विद्यार्थी इसमें भाग लेंगे।
गणतंत्र दिवस पर छात्राएं 'फिट इंडिया प्रोग्राम' थीम के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगी। जिसमें प्राप्स का इस्तेमाल करते हुए वह डांस के माध्यम से फिट इंडिया का संदेश देंगी। प्रधानाचार्या डॉ. कंचन जैन ने बताया कि उनके स्कूल से नौंवी व 11वीं कक्षा की 102 छात्राएं परेड में भाग लेंगी। 23 को फुल ड्रेस रिहर्सल में भाग लेंगी छात्राएं डॉ. कंचन जैन ने बताया कि कोरोना के चलते जब बच्चे अपने घरों में बैठे थे, तब छात्राओं ने स्कूल आकर गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनने के लिए मेहनत की। चार राउंड पार करने के बाद दिसंबर में छात्राओं का चयन इस ऐतिहासिक दिन के लिए हुआ। उन्होंने बताया कि छात्राएं सुबह सात बजे स्कूल से राजपथ पर अभ्यास के लिए जाती हैं। 23 को सभी छात्राएं राजपथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल भाग लेंगी। इन छात्राओं को तैयार कराने में उनकी शिक्षिकाएं संध्या जोशी, अल्का रानी, सोनिया, वर्षा रानी, प्रियंका तोमर, मंजू वर्मा, हिमानी व शिवांजलि ने भी खूब मेहनत की है। कंचन जैन ने बताया कि छात्राएं सुबह सुबह कोहरे व सर्द हवाओं के बीच राजपथ पर अभ्यास करने जाती हैं, ताकि स्कूल को गौरवान्वित महसूस करा सकें। इसलिए उन्होंने भी छात्राओं को ठंड से बचाने के लिए ट्रैक सूट भेंट किए, जिसे पहनकर वह अभ्यास करती हैं। ---------
एक सरकारी स्कूल के लिए गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेना बहुत बड़ी उपलब्धि है। इंडिया गेट पर जाकर हमारे बच्चे सिर्फ एक जिले या राज्य नहीं बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। हमारे लिए तो यह और भी गर्व की बात है कि यह छात्राएं हमारे जिले के स्कूल से चुनी गई हैं। इतनी बड़ी उपलब्धि के लिए छात्राओं व स्कूल को शुभकामनाएं।
-डॉ. राजीव कुमार, उप शिक्षा निदेशक उत्तर पूर्व जिला जोन चार