पांच किलो हेरोइन के साथ तीन विदेशी तस्कर गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हेरोइन की तस्करी करने वाले एक अंतर
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हेरोइन की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अफगानी सहित तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पांच किलो हेरोइन और 4200 अमेरिकी डालर बरामद किए गए हैं। तस्करों की पहचान इस्मातुल्लाह, खालीलुल्लाह और विक्टर ओसोनडु के रूप में हुई है। इस्मातुल्लाह और खालीलुल्लाह अफगानी हैं, जबकि विक्टर नाइजीरियाई है। अफगानी तस्कर हवाई मार्ग से हेरोइन भारत लाते थे। बाद में नाइजीरियाई तस्कर इसकी आपूर्ति दिल्ली सहित विदेश में करते थे।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह के हेरोइन की तस्करी में लगे होने की सूचना मिली थी। यह भी पता चला कि कुछ विदेशी तस्कर ड्रग्स की आपूर्ति करने साकेत इलाके में आने वाले हैं। इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह की टीम ने 18 सितंबर को मैक्स अस्पताल के पास से दो अफगानी नागरिकों को एक नाइजीरियाई को हेरोइन सौंपते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस्मातुल्लाह, खालीलुल्लाह और विक्टर के पास से पांच किलो हेरोइन और अमेरिकी डॉलर बरामद किए।
पूछताछ में चला कि अफगानी इस्मातुल्लाह और खालीलुल्लाह पेट में हेरोइन के कैप्सूल निगल कर विमान से दिल्ली आते थे। इसके बाद नाइजीरियाई विक्टर ओसोनडु इसकी आपूर्ति दिल्ली सहित कनाडा, इंग्लैंड, फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका तक कोरियर से करता था। अफगानी तस्कर गत दो वर्ष में 100 किलो हेरोइन दिल्ली में खपा चुके हैं। इस्मातुल्लाह तीन वर्ष पहले मेडिकल वीजा पर, जबकि खालीलुल्लाह टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली आया था। खालीलुल्लाह बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक है। वहीं विक्टर ओसोनडु सन 2014 में भारत आया था। छह महीने का बिजनेस वीजा समाप्त होने के बावजूद वह भारत में रह कर ड्रग्स की तस्करी कर रहा था।