फैक्ट्री में करंट लगने से कर्मचारी की मौत
झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में काम करते हुए एक कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में काम करते हुए एक कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्की बोरा के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लक्की के चचेरे भाई बनेश्वर बोरा की शिकायत पर जीटीबी एंक्लेव थाने में फैक्ट्री मालिक मनीष सुराना के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है। बनेश्वर उसी फैक्ट्री में काम करते हैं।
मूल रूप से सोनितपुर, असम निवासी लक्की यहां रविदास गली, विश्वास नगर में रहते थे। वह पांच-छह साल से प्लास्टिक बनाने की फैक्ट्री में बतौर हेल्पर कार्यरत थे। बनेश्वर ने पुलिस को बताया कि हाल ही में फैक्ट्री में फिर से काम शुरू हुआ था। सुबह 8:15 बजे लक्की स्टूलर मशीन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया। वह बेहोश हो गए। साथी कर्मचारियों ने फैक्ट्री मालिक मनीष को इसकी जानकारी दी। मनीष ने कार में लक्की अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बनेश्वर का कहना है कि फैक्ट्री मालिक से कई बार मशीनों से करंट की शिकायत की गई थी। लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी लापरवाही की वजह से लक्की करंट की चपेट में आ गए।