कोल्ड चेन से वैक्सीनेशन सेंटर तक पहुंचनी शुरू हुई वैक्सीन
जागरण संवाददाता पूर्वी दिल्ली यमुनापार में कोरोना के वैक्सीनेशन की तैयारियां जोरों पर
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
यमुनापार में कोरोना के वैक्सीनेशन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में बने स्टेट स्टोरेज सेंटर से बुधवार को सभी जिलों के कोल्ड चेन में वैक्सीन पहुंच चुकी थी। वैक्सीन को वैक्सीनेशन सेंटर तक पहुंचाने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को शुरू हो गई। पूर्वी जिले ने अपने पांच में से चार सेंटर पर वैक्सीन पहुंचा दी है। जबकि शाहदरा और उत्तर पूर्वी जिले के कोल्ड चेन से शुक्रवार को वैक्सीन निकलकर सेंटर तक पहुंचेगी। शनिवार को यमुनापार में 13 सेंटरों पर स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। हर सेंटर पर फिलहाल सौ-सौ स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाने की तैयारी है।
इससे पहले बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सभी वैक्सीनेशन सेंटरों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद जहां वैक्सीन को रखने की व्यवस्था समुचित लगी वहां पर इसका वितरण कर दिया गया है। पूर्वी दिल्ली के एसडीएम संदीप दत्ता का कहना है कि चार सेंटरों पर वैक्सीन पहुंच चुकी है। फिलहाल जितनी जरूरत है उतनी ही वैक्सीन सेंटरों पर भेजी जा रही है। कोविन एप की भी जांच कर ली गई है। पूर्वी जिले में सूरजमल विहार में कोल्ड चेन बनाई गई है। वहीं, शाहदरा जिले में विवेक विहार में कोल्ड चेन है। इसमें तीन फ्रीजर हैं। तीनों जिलों में सबसे ज्यादा सेंटर होने के कारण यहां सबसे अधिक वैक्सीन की 18,820 डोज पहुंची है। इसे एक फ्रीजर में रखा गया है। अन्य दो फ्रीजर का इस्तेमाल और वैक्सीन आने पर किया जाएगा। इसी तरह उत्तर पूर्वी जिले में नंदनगरी में कोल्ड चेन स्थापित की गई है। फ्रीजर में रखी जा रही हैं वैक्सीन कोल्ड चेन में फ्रीजर के साथ कोल्ड बॉक्स भी रखे गए हैं। यहां जो भी वैक्सीन आएगी उसे फ्रीजर में रखा जाएगा। इसमें दो से आठ डिग्री तापमान रहता है। यहां से वैक्सीनेशन सेंटर पर भेजने के लिए कोल्ड बाक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। यमुनापार में वैक्सीनेशन सेंटर जिला कुल डोज सेंटर
शाहदरा 18,620 06
पूर्वी 15,700 05
उत्तर पूर्वी 6,100 02