..ताकि किसानों के आंदोलन से दिल्ली में न बिगडे़ हालात
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड को एक नियंत्रण कक्ष
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड को एक नियंत्रण कक्ष बनाने का निर्देश दिया है। इसके माध्यम से फल सब्जियों, दूध एवं दुग्ध निर्मित उत्पादों की आपूर्ति एवं दर पर निगाह रखी जाएगी। यह नियंत्रण कक्ष आजादपुर, केशोपुर और शाहदरा स्थित सभी मंडियों पर भी निगाह रखेगा। प्रतिदिन मुख्य सचिव को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके अलावा एक नियंत्रण कक्ष खाद्य एवं आपूर्ति विभाग भी स्थापित करेगा।
दरअसल, पड़ोसी राज्यों में चल रहे किसानों के आंदोलन से दिल्ली में हालात नहीं बिगडे़, इसके लिए मुख्य सचिव ने सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के विशेष सचिव, दिल्ली पुलिस के विशेष सचिव, दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड के उपाध्यक्ष, दिल्ली दुग्ध योजना, मदर डेयरी तथा नरेला और नजफगढ़ मंडी के अधिकारियों संग पूरी स्थिति पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसान आंदोलन का दिल्ली की आवक पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है। रविवार को टमाटर की आवक पर कुछ असर पड़ा था, लेकिन अब ठीक है। सोमवार को 1400 टन टमाटर की आवक हुई। अन्य फल सब्जियों की आपूर्ति और कीमत भी सामान्य है। इसके अलावा अंडे, मछली, मुर्गियों और अनाज की आपूर्ति भी नियंत्रण में है।
मुख्य सचिव ने दूध और दुग्ध निर्मित उत्पादों की स्थिति पर भी समीक्षा की। बताया गया कि रोजाना 20 लाख लीटर दूध की आपूर्ति बिना किसी परेशानी के हो रही है। मुख्य सचिव ने मदर डेयरी एवं दिल्ली दुग्ध योजना के अधिकारियों से खासतौर पर निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने को कहा। मुख्य सचिव ने दिल्ली पुलिस से भी इस बाबत सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस भी हर जगह स्थिति पर निगाह रखे और अगर कहीं अनावश्यक रूप से परेशानी उत्पन्न की जा रही हो तो उसे दूर करने का प्रयास करे।