केजरीवाल व संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जपा ने आरोप लगाया है कि निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग व दिल्ली पुलिस द्वारा किए जा रहे काम में आम आदमी पार्टी (आप) बाधा डाल रही है। मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल व आप सांसद दिल्ली के लोगों को गुमराह करने में लगे हुए हैं इसलिए चुनाव आयोग व पुलिस को इन दोनों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। जल्द ही भाजपा नेता आयोग व पुलिस आयुक्त से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
भाजपा ने आरोप लगाया है कि निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग व दिल्ली पुलिस द्वारा किए जा रहे काम में आम आदमी पार्टी (आप) बाधा डाल रही है। मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल व आप सांसद दिल्ली के लोगों को गुमराह करने में लगे हुए हैं, इसलिए चुनाव आयोग व पुलिस को इन दोनों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। जल्द ही भाजपा नेता आयोग व पुलिस आयुक्त से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता व अन्य भाजपा नेताओं ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यह झूठ फैला रहे हैं कि उनके दो कॉल सेंटरों पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कहने पर छापा मारा गया है। इसी तरह से आप सांसद द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा गया पत्र झूठ का पुलिदा है कि भाजपा नेताओं के इशारे पर दिल्ली पुलिस काम कर रही है। इस तरह का दुष्प्रचार आप की राजनीतिक साजिश है।
उन्होंने कहा कि आप सरकार गलत तरीके से विद्यार्थियों और बिजली व पानी के बिलों से लोगों का विवरण इकट्ठा करके उसका दुरुपयोग कर रही है। लोगों को यह फोन किए जा रहे हैं कि भाजपा ने 30 लाख लोगों के वोट कटवा दिए हैं। फोन करने वाले को कहा जा रहा है कि भाजपा ने उनका भी वोट कटवा दिया था, लेकिन केजरीवाल ने जुड़वा दिया है। इस तरह की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर दिल्ली पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस की कार्रवाई को रोकने के लिए आप के नेता दुष्प्रचार में लग गए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री ने भी जो आंकड़ा प्रस्तुत किया है उसके अनुसार चार वर्षो में मतदाता सूची में 6.90 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। चुनाव आयोग भी मुख्यमंत्री व आप नेताओं के आरोप को खारिज कर चुका है। वह स्पष्ट कर चुका है कि किसी मतदाता का नाम काटने या जोड़ने का अधिकार सिर्फ चुनाव आयोग के पास है। इसके बावजूद आप के कॉल सेंटरों से लोगों को गुमराह करने का सिलसिला जारी है।
प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, राजेश भाटिया, मीडिया सह-प्रभारी नीलकांत बख्शी एवं मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।