दुष्कर्म के आरोपित नेता को बचा रही है आप : भाजपा
महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि महिला सुरक्षा आप का मुख्य चुनावी मुद्दा था। महिलाओं से सुरक्षा के लिए बड़े- बड़े वादे किए गए थे लेकिन अब आप नेताओं पर महिला उत्पीड़न के आरोप लग रहे हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय आप नेतृत्व चुपी साधे हुए है। वह भाजपा की महिला नेताओं के साथ प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि महिला सुरक्षा आप का मुख्य चुनावी मुद्दा था। महिलाओं से सुरक्षा के लिए बड़े- बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब आप नेताओं पर महिला उत्पीड़न के आरोप लग रहे हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय आप नेतृत्व चुप्पी साधे हुए है। वह भाजपा की महिला नेताओं के साथ प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा दुष्कर्म के आरोपित आप नेता मुकेश टोकस को पार्टी से निष्कासित करने की मांग कर रही है। इसे लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरके पुरम में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सामने प्रदर्शन किया, लेकिन सिसोदिया ने एक शब्द भी नहीं बोला। आप नेतृत्व अपनी ही पार्टी की महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकामयाब है। राजनीति करनी है तो दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल तुरंत पहुंच जाती हैं, लेकिन दुष्कर्म के आरोपित आप नेता के खिलाफ वह भी चुप हैं। दिल्ली महिला आयोग भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इशारे पर काम करता है। टोकस विधायक के रिश्तेदार हैं। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले ही आप नेता व पूर्व विधायक जरनैल सिंह ने हिदू देवी-देवताओं को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। आप के कई अन्य नेताओं के खिलाफ भी महिला उत्पीड़न के आरोप हैं। आरोपित नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें सम्मानित किया जाता है।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष योगिता सिंह, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूनम पाराशर झा, प्रवक्ता टीना शर्मा, पूजा सूरी, ऋचा पांडे मिश्रा ने आरोपित आप नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर दिल्ली सरकार व दिल्ली महिला आयोग का दोहरा चरित्र सबके सामने है। उन्होंने कहा कि यह राजनीति का विषय नहीं महिलाओं के सम्मान की बात है।