पूर्व रक्षामंत्री के कार चालक ने की खुदकशी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली पूर्व रक्षामंत्री और राज्यसभा सांसद एके एंटनी के जंतर-मंतर स्थित स
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : पूर्व रक्षामंत्री और राज्यसभा सांसद एके एंटनी के जंतर-मंतर स्थित सरकारी आवास के सर्वेट क्वार्टर में चालक ने पंखे से लटककर जान दे दी। उसका नाम संजय सिंह है। पुलिस को वहां से सुसाइड नोट नहीं मिला है। संसद मार्ग थाना पुलिस खुदकशी के कारणों की जांच कर रही है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर नई दिल्ली जिला बीके सिंह के मुताबिक, 35 वर्षीय संजय सिंह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के गांव दतौली पार्ट 2 का रहने वाला था और वर्षो से सांसद एके एंटनी की गाड़ी चलाता था। फिलहाल उसका परिवार गांव गया हुआ था। अभी संजय यहां अकेले रह रहा था।
शुक्रवार की सुबह काफी देर तक संजय के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो एक कर्मचारी ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुला तो उसने संजय को कई बार फोन भी किया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इस पर कर्मचारियों को कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ। दोपहर करीब 12 बजे दरवाजा तोड़ा गया तो संजय पंखे से लटका मिला। उसे उतारकर पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। उसके परिवार को सूचना दे दी गई है। घरवालों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।