कोरोना संक्रमण रोकने में आप सरकार असफल : मनोज तिवारी
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर वैश्विक महामारी कोरोना पर रोकथाम लगाने में असफल रहने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर वैश्विक महामारी कोरोना पर रोकथाम लगाने में असफल रहने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आप सरकार कोरोना के साथ प्रदूषण को रोकने में भी सफल नहीं हो पाई। दिल्ली हाई कोर्ट ने भी टिप्पणी की है कि दिल्ली शीघ्र ही कोरोना की राजधानी बनने जा रही है। इस टिप्पणी ने स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री दिल्ली को बेहतर व्यवस्था देने में नाकाम रहे हैं।
मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि किसी एक समस्या का समाधान करने के बजाय मुख्यमंत्री दिल्ली में नई समस्याएं खड़ी कर रहे हैं। उन्हें हर समस्या में राजनीति करनी है। चाहे वह दिल्ली वासियों की जान की कीमत पर ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सामने जब भी कोई बड़ी समस्या आई भाजपा ने बड़ा दिल दिखाते हुए केजरीवाल से मांग की कि सर्वदलीय बैठक बुलाकर समाधान निकलें। लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं होते हैं।