पहले दिन 613, दूसरे दिन 510 लोगों को लगा टीका
यमुनापार में शनिवार की तुलना में सोमवार को टीकाकरण में कम लोग शामिल हुए। पहले दिन जहां 613 लोगों ने टीका लगवाया था। वहीं दूसरे दिन इनकी संख्या घटकर 510 हो गई। कुल 13 अस्पतालों में टीकाकरण अभियान चला। इसमें स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाया गया। सभी केंद्रों पर सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड वैक्सीन का प्रयोग हुआ।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
यमुनापार में शनिवार की तुलना में सोमवार को टीकाकरण में कम लोग शामिल हुए। पहले दिन जहां 613 लोगों ने टीका लगवाया था। वहीं, दूसरे दिन इनकी संख्या घटकर 510 हो गई। कुल 13 अस्पतालों में टीकाकरण अभियान चला। इसमें स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाया गया। सभी केंद्रों पर सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड वैक्सीन का प्रयोग हुआ। इस बीच चाचा नेहरू अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ममता जाजू ने खुद को टीका लगवाकर लोगों का उत्साह बढ़ाने की कोशिश की। दिल्ली कैंसर इंस्टीट्यूट में पहले दिन जहां कोरोना की नोडल अधिकारी डॉ. प्रज्ञा ने टीका लगवाया था तो दूसरे सहायक निदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने टीका लगवाया। डॉ. ममता जाजू और डॉ. सुरेंद्र ने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। इसे लेकर किसी को भ्रम नहीं होना चाहिए। दोनों ने बताया कि उन्हें टीका लगने के बाद किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। यमुनापार में सबसे ज्यादा धर्मशिला नारायणा अस्पताल में 82 लोगों को टीका लगाया गया। यहां पहले दिन भी टीकाकरण कराने वालों की संख्या इतनी ही थी। इस तरह से दो दिन में यहां 164 लोगों ने टीका लगवा लिया। प्रीत विहार स्थित मेट्रो अस्पताल और पटपड़गंज के मैक्स अस्पताल में क्रमश: 60 और 57 लोगों को टीका लगा। वहीं सबसे कम दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान में 19 लोगों को वैक्सीन की डोज लगी। तीनों जिलों की बात करें तो पूर्वी दिल्ली के पांच अस्पतालों में सबसे ज्यादा 273 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। शाहदरा जिले के छह अस्पतालों में इनकी संख्या 163 रही। उत्तर पूर्वी जिले में दो अस्पतालों में ही टीकाकरण हो रहा है। यहां कुल 74 लोगों को टीका लगा। राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में टीकाकरण की शुरुआत काफी धीमी रही। टीकाकरण केंद्र पर व्यवस्थाएं पर्याप्त थीं। लेकिन टीका लगवाने वाले कम ही लोग पहुंचे। इसकी वजह से यहां 12:00 बजे टीकाकरण शुरू किया गया। धर्मशिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रह्लाद प्रसाद अग्रवाल का कहना है कि उनके अस्पताल में टीकाकरण को लेकर कर्मचारियों में काफी उत्साह है। इसकी वजह से दो दिन में 164 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
अस्पताल कितने लोगों को लगा टीका
शाहदरा जिला
राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल : 20
दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान: 19
जीटीबी अस्पताल : 24
डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान : 47
शांति मुकुंद अस्पताल : 30
ईएसआइ अस्पताल, झिलमिल : 23 उत्तर पूर्वी जिला
जगप्रवेश चंद्र अस्पताल : 21
पंचशील अस्पताल : 53 पूर्वी जिला
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल : 35
धर्मशिला नारायणा अस्पताल : 82
चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय: 39
मैक्स अस्पताल, पटपड़गंज : 57
मेट्रो अस्पताल, प्रीत विहार : 60