चोटिल थे महेंद्र सिंह धोनी, उनकी इंजरी पर टीम इंडिया की तरफ से आया ये बड़ा बयान
इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान धौनी का अंगूठा चोटिल था। अब उनकी चोट पर ताजा अपडेट सामने आया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। ICC cricket world cup 2019: टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की विश्व कप के दौरान धीमी बल्लेबाजी के लिए काफी आलोचना हुई। इंग्लैंड के खिलाफ कहा गया कि उन्होंने जीत की कोशिश ही नहीं कि और बाद में पता चला कि उनके अंगूठे में चोट लगी हुई थी और इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान वो अपने अंगूठे को चूसकर खून थूक रहे थे। उनकी ये तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। अब धोनी (Dhoni) की अंगूठे की चोट को लेकर ताजा अपडेट सामने आ गई है। भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर ये है कि धौनी पूरी तरह से फिट हैं और उनकी चोट ठीक हो गई है। टीम इंडिया के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक धोनी एक योद्धा हैं और 300 से भी ज्यादा वनडे मैच खेल चुके इस खिलाड़ी को ये छोटी बातें परेशान नहीं कर सकती। कठिनाईयों से बाहर आने की उनमें कमाल की क्षमता है और उनका अंगूठा पूरी तरह से ठीक है। अब घबराने वाली कोई बात नहीं है। विकेटकीपिंग करते वक्त इस तरह की चोटें लगना कोई नई बात नहीं है और ऐसी बातें उन पर ज्यादा असर नहीं डाल पाती हैं। धौनी ने चोट के बावजूद अच्छा प्रदर्शन किया है और युवाओं के इससे सीख लेने की जरूरत है।
इंग्लैंड के खिलाफ धोनी चोटिल जरूर थे, लेकिन इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने 33 गेंदों पर 35 रन की अच्छी पारी खेली। उस मैच में धौनी ने विकेटकीपिंग भी की और एक कैच भी लपका। अब धोनी पूरी तरह से ठीक हैं और बांग्लादेश के खिलाफ वो मैच में खेलते नजर आने वाले हैं। धोनी के बारे में ये भी कहा जा रहा है कि वो इस विश्व कप में भारत के आखिरी मैच में अपने रिटायरमेंट की घोषणा भी कर सकते हैं।