धोनी की बर्थडे पार्टी में नहीं दिखी पूरी टीम इंडिया, गायब रहे विराट व रोहित भी
World Cup 2019 धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ मैच के बाद अपना जन्मदिन मनाया मगर इसमें टीम इंडिया के ज्यादातर खिलाड़ी मौजूद नहीं थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। HappyBirthDayDhoni: भारतीय क्रिकेट टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी 38 वर्ष के हो गए हैं। धोनी ने इस बार अपना बर्थडे इंग्लैंड में खेले जा रहे वनडे विश्व कप के दौरान ही मनाया। श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतने के बाद धोनी ने होटल में अपने परिवार के साथ अपने बर्थडे सेलिब्रेट किया और केक काटा। इस दौरान धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी, बेटी जीवा, कुछ करीबी दोस्त मौजूद थे। इनके अलावा टीम इंडिया के केदार जाधव, हार्दिक पांड्या व रिषभ पंत ही धोनी की इस छोटी सी पार्टी में मौजूद रहे। इन तीनों के अलावा टीम इंडिया का अन्य कोई खिलाड़ी यहां पर मौजूद नहीं था।
माना जा रहा है कि देर रात होने और अगले दिन सुबह ही सेमीफाइनल वेन्यू के लिए रवाना होने की तैयारियों की वजह से टीम इंडिया के अन्य खिलाड़ी धोनी के साथ इस खास मौके पर मौजूद नहीं थे। आखिरी लीग मैच में श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाने वाले रोहित ने धोनी के जन्मदिन के बारे में कहा था कि सात जुलाई का दिन ट्रेवल वाला दिना है। अभी उन्हें भी नहीं पता कि टीम मैनचेस्टर जा रही है या फिर बर्मिंघम। अब उस हिसाब से ही बस ड्राइव के दौरान केक काटा जाएगा।
धोनी के लिए उनका 38वां बर्थडे खास रहा क्योंकि भारतीय टीम ने श्रीलंका को सात विकेट से हराकर ग्रुप स्टेज में टॉप स्थान हासिल किया और नंबर एक टीम के तौर पर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में धोनी ने विकेट के पीछे कमाल की विकेटकीपिंग की और चार शिकार किए जिसमें तीन कैच आउट व एक स्टंपिंग शामिल था। अब भारतीय टीम को नौ जुलाई को मैनचेस्टर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में खेलना है।