SL vs Aus Test: आस्ट्रेलिया ने श्रीलंका पर 101 रन की बढ़त बनाई, दूसरे दिन बनाए 8 विकेट पर 313 रन
आस्ट्रेलिया ने कैमरन ग्रीन और एलेक्स कैरी की मदद से गुरुवार को पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका पर 101 रन की बढ़त हासिल कर ली। श्रीलंका की टीम पहली पारी में 212 रन पर सिमट गई थी।
गाल (श्रीलंका), एपी। आस्ट्रेलिया ने कैमरन ग्रीन और एलेक्स कैरी की मदद से गुरुवार को पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका पर 101 रन की बढ़त हासिल कर ली। श्रीलंका की टीम पहली पारी में 212 रन पर सिमट गई थी। वर्षा से प्रभावित दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आस्ट्रेलिया का स्कोर आठ विकेट पर 313 रन था।
ग्रीन और कैरी ने तेजी से 93 गेंद में 84 रन की साझेदारी निभाई, जिससे आस्ट्रेलियाई टीम श्रीलंका पर पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने में सफल रही। ग्रीन ने 109 गेंद में छह चौके से 77 रन बनाए, जबकि कैरी ने 47 गेंद में छह चौके से 45 रन बनाए। इन दोनों से पहले सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 71 रन बनाए।
आस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 98 रन से आगे खेलना शुरू किया और चायकाल तक पांच विकेट पर 233 रन बना लिए थे। इसके बाद टीम बड़ी बढ़त की ओर बढ़ रही थी, लेकिन कैरी आफ स्पिनर रमेश मेंडिस की गेंद पर खराब शाट खेलने से दिनेश चांदीमल को कैच देकर आउट हुए। ग्रीन और मिशेल स्टार्क (10) ने सातवें विकेट के लिए 37 रन जोड़ लिए थे, लेकिन ग्रीन मेंडिस की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में एलबीडब्ल्यू आउट हुए।
उन्होंने रिव्यू लिया, लेकिन यह उनके पक्ष में नहीं गया। स्टार्क आउट होने वाले आठवें खिलाड़ी रहे, उन्हें लेग स्पिनर जेफ्री वांडरसे ने रिटर्न कैच लेकर आउट किया। कप्तान पैट कमिंस 16 गेंद में नाबाद 26 रन की पारी में तीन छक्के और एक चौका लगा चुके हैं, जिससे आस्ट्रेलिया ने 100 रन से ज्यादा की बढ़त हासिल की। नाथन लियोन आठ रन बनाकर दूसरे छोर पर डटे थे। मेंडिस ने 107 रन देकर चार, जबकि वांडरसे ने 68 रन देकर दो विकेट चटकाए।