Move to Jagran APP

Ranji trophy Final 2022 Mum vs MP: पहले दिन मुंबई ने बनाए 5 विकेट पर 248 रन, यशस्वी की अर्धशतक

Ranji trophy Final 2022 मुंबई की टीम रणजी ट्राफी फाइनल के पहले दिन बुधवार को पहली पारी में पांच विकेट पर 248 रन ही बना सकी। कप्तान पृथ्वी शा ने 47 रन बनाए जबकि यशस्वी ने 78 रन की पारी खेली। (फोटो ट्विटर पेज BCCI)

By Viplove KumarEdited By: Published: Wed, 22 Jun 2022 08:49 PM (IST)Updated: Wed, 22 Jun 2022 08:49 PM (IST)
Ranji trophy Final 2022 Mum vs MP: पहले दिन मुंबई ने बनाए 5 विकेट पर 248 रन, यशस्वी की अर्धशतक
मुंंबई के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की फिफ्टी

बेंगलुरु, पीटीआइ। मध्य प्रदेश के गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने सितारे खिलाडि़यों से सजी मुंबई की टीम रणजी ट्राफी फाइनल के पहले दिन बुधवार को पहली पारी में पांच विकेट पर 248 रन ही बना सकी। कप्तान पृथ्वी शा ने 79 गेंद में पांच चौकों व एक छक्के की मदद से 47 रन बनाए, जबकि उनके सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल ने 163 गेंद में सात चौकों व एक छक्के के दम पर 78 रन की पारी खेली।

loksabha election banner

दोनों ने पहले विकेट के लिए 87 रन जोड़े, लेकिन मुंबई की टीम उस पिच पर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रही, जहां शाट खेलना आसान नहीं है। पहली पारी में 400 से अधिक रन बनाने की मुंबई की उम्मीद अब सत्र के सबसे सफल बल्लेबाज सरफराज खान पर टिकी हैं, जो दिन का खेल खत्म होने पर 125 गेंद में तीन चौकों की मदद से 40 रन बनाकर खेल रहे थे। दूसरे छोर पर शम्स मुलानी 43 गेंद में एक चौके के साथ 12 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं।

बायें हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने 31 ओवर गेंदबाजी की और इस दौरान 91 रन देकर एक विकेट चटकाया। तेज गेंदबाज गौरव यादव (25 ओवर में बिना विकेट के 68 रन) ने मुंबई के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाया, लेकिन विकेट उनके खाते में नहीं गया। तेज गेंदबाज अनुभव अग्रवाल ने 56 रन देकर दो, जबकि आफ स्पिनर सारांश जैन ने 31 रन देकर दो विकेट चटकाए।

मुंबई के कप्तान पृथ्वी ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और फिर जायसवाल के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। मध्य प्रदेश ने कार्तिकेय के साथ गेंदबाजी का आगाज किया, लेकिन जायसवाल और पृथ्वी दोनों ने बायें हाथ के इस स्पिनर पर छक्के जड़े। दोनों तेज गेंदबाजों अनुभव और गौरव को आसमान में छाये बादलों के बीच हवा में मूवमेंट मिली।

दोनों ने पिच से भी गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराया। दिन का सर्वश्रेष्ठ ओवर मुंबई की पारी का 12वां ओवर था, जिसमें गौरव ने छह गेंद में पांच बार पृथ्वी को काफी परेशान किया। उन्होंने पहले अंदर आती हुई गेंद और फिर आउट स्विंग से मुंबई के कप्तान को मुश्किलों में डाला।दूसरी तरफ जायसवाल ने पहले 30 रन 52 गेंद में बनाए और फिर पिच को भांपते हुए अधिक सतर्क होकर बल्लेबाजी की। उन्होंने अगले 48 रन 111 गेंद में बनाए। मध्य प्रदेश को पहली सफलता भोजनकाल से कुछ मिनट पहले मिली, जब अनुभव की गेंद को पृथ्वी विकेटों पर खेल गए। अरमान जाफर 56 गेंद में 26 रन की पारी के दौरान अच्छी लय में दिखे, लेकिन कार्तिकेय की उछाल लेती गेंद पर शार्ट मिडविकेट पर यश दुबे को कैच थमा बैठे।

दूसरे सत्र में पिच काफी धीमी हो गई। सुवेद पारकर (18) ने सारांश की गेंद पर विरोधी कप्तान आदित्य श्रीवास्तव को कैच थमाया। जायसवाल अपने सत्र के चौथे शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन अनुभव की गेंद पर स्क्वायर कट खेलने की कोशिश में गली में दुबे को कैच दे बैठे। सारांश ने इसके बाद हार्दिक तमोरे (24) को पहली स्लिप में रजत पाटीदार के हाथों कैच कराके मुंबई को पांचवां झटका दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.