रणजी ट्रॉफी 2018: ओडिशा पर हावी झारखंड
ओडिशा के लिए पहली पारी में अनुराग सारंगी (58) और सूर्यकांत प्रधान (54) ने सबसे अधिक रन बनाए।
रांची, जेएनएन। झारखंड ने जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम कांप्लेक्स में जारी रणजी ट्रॉफी ग्रुप-सी के मैच में ओडिशा के खिलाफ दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। ओडिशा की पहली पारी 201 रन पर सिमट गई थी। ओडिशा के लिए पहली पारी में अनुराग सारंगी (58) और सूर्यकांत प्रधान (54) ने सबसे अधिक रन बनाए। इस पारी में झारखंड के लिए राहुल शुक्ला, वरुण आरोन, राहुल प्रसाद और अनुकूल रॉय ने दो-दो विकेट लिए।
हरियाणा ने बनाए 235 रन
त्रिपुरा ने महाराजा बीर बिक्रम कॉलेज स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी ग्रुप-सी के मैच में प्रत्यूष सिंह (76) के अर्धशतक के दम पर दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में हरियाणा के खिलाफ 235 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया है। मनिसंकरण मुरासिंह (43) और हरमीत सिंह (02) नाबाद हैं। इससे पहले हरियाणा ने राहुल डागर की 114 रनों की शतकीय पारी से अपनी पहली पारी में 292 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
उत्तराखंड के खिलाफ पुनीत का शतक
रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के मुकाबले में दूसरे दिन उत्तराखंड ने मेघालय के खिलाफ चार विकेट पर 175 रन बना लिए हैं। इससे पहले मेघालय की पहली पारी मैच के दूसरे दिन 311 रन पर सिमट गई। मेघालय के लिए पुनीत बिष्ट ने सबसे ज्यादा 154 रन की पारी खेली। मेघालय को ऑलआउट करने में उत्तराखंड के गेंदबाज दीपक धोपोला ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने छह विकेट हासिल किए।
दिन का खेल खत्म होने तक उत्तराखंड के विनीत सक्सेना 62 और कप्तान रजत भाटिया 54 रन बनाकर नाबाद हैं। उत्तराखंड की टीम अभी भी मेघालय से 136 रन पीछे है। मेघालय के लिए दीपू संगमा ने सबसे ज्यादा दो विकेट हासिल किए।
बिहार की स्थिति मजबूत
रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मुकाबले के दूसरे दिन बिहार ने अरुणाचल प्रदेश पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अरुणाचल को पहली पारी में 84 रन पर समेटने के बाद बिहार ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 536 रन पर घोषित की।
बिहार के लिए सबसे ज्यादा इंद्रजीत कुमार ने रन बनाए। उन्होंने 266 गेंद का सामना करते हुए 222 रन बनाए। इसके जवाब में अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी अरुणाचल प्रदेश ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 98 रन बना लिए हैं। अरुणाचल अभी भी 354 रन से पिछड़ी हुई है। समर्थ सेठ 52 रन और अखिलेश सहानी 25 रन बनाकर नाबाद हैं।