रणजी ट्रॉफी में इन दो होनहार युवाओं ने दिखाया कमाल, अपनी टीमों को किया मजबूत
महाराष्ट्र की ओर से राहुल त्रिपाठी और झारखंड की ओर से शाहबाज नदीम ने अच्छा प्रदर्शन किया।
लखनऊ, जेएनएन। महाराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के ग्रुप 'ए' के मुकाबले में जीत की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाए। मैच के तीसरे दिन राहुल त्रिपाठी (91) भले ही शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने कप्तान अंकित बवाने (58) के साथ मिलकर मेहमान टीम को दूसरी पारी में चार विकेट पर 256 रन तक पहुंचाया।
पहली पारी में चिराग खुराना (53 रन पर छह विकेट) की मदद से महाराष्ट्र ने उप्र के खिलाफ 41 रन की अहम बढ़त हासिल की। उप्र की पहली पारी 271 रन पर खत्म हुई, जबकि महाराष्ट्र ने पहली पारी में 312 रन बनाए थे। गुरुवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय महाराष्ट्र के राहुल मोटवानी (नाबाद 30) और नौशाद शेख (नाबाद 25) पिच पर टिके थे।
गुरुवार सुबह उप्र ने सात विकेट पर 232 रन से आगे खेलना शुरू किया। विकेटकीपर बल्लेबाज एकलव्य द्विवेदी ने 40 रन के व्यक्तिगत स्कोर को जल्द ही अर्धशतक में बदला। एकलव्य की संघर्षपूर्ण पारी के कारण उप्र ने महाराष्ट्र के गेंदबाजों के सामने 14.2 ओवर तक बल्लेबाजी की। पारी के 83वें ओवर की दूसरी गेंद पर चिराग खुराना ने एकलव्य को बोल्ड करके उप्र की पहली पारी खत्म की।
टर्निग पिच पर सौरभ कुमार ने उप्र को पहली सफलता पांचवें ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ (07) को जल्द ही आउट करके दिलाई, लेकिन इसके बाद स्वप्निल गुगाले (28) के साथ मिलकर राहुल त्रिपाठी ने मोर्चा संभाला। गुगाले भी 19वें ओवर में सौरभ के शिकार बन गए।
हरियाणा के खिलाफ झारखंड मजबूत
शाहबाज नदीम के अधर्शतक और महत्वपूर्ण दो विकेट के दम पर झारखंड ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप 'बी' के मुकाबले में तीसरे दिन हरियाणा के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। झारखंड के नौ विकेट पर 425 रनों पर घोषित पहली पारी के जवाब में हरियाणा ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 141 रन बना लिए है।
स्टंप तक रजत पलीवाल (44) और आर पी शर्मा (00) क्रीज पर डटे हैं। हरियाणा अभी भी झारखंड के पहली पारी के स्कोर से 76 रन पीछे है। नदीम ने 150 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली और हरियाणा के पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले शुभम रोहिला (00) और चैतन्य बिश्नोई (11) के विकेट निकाल कर अपनी टीम को मैच पर मजबूत पकड़ बनाई। गुरुवार को 311/6 से आगे खेलने उतरी झारखंड टीम के नदीम ने अपने पिछले दिन के स्कोर में 30 रन जोड़े।