IPL 2021:डिविलियर्स की तूफानी पारी, बेंगलुरू ने 2 विकेट से मुंबई को हरा जीत से की शुरुआत
IPL 2021 MI vs RCB इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन का आगाज हो गया है। पहले मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में आखिरी गेंद पर 1 रन लेकर बेंगलुरू की टीम ने 2 विकेट से जीत हासिल की।
नई दिल्ली, जेएनएन। इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल के 14वें सीजन का आगाज आज यानी शुक्रवार 9 अप्रैल को हुआ। नए सीजन के पहले मैच में मुंबई इंडियंस के सामने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर थी। बेंगलुरू के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 159 रन बनाए। बेंगलुरू ने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर 1 रन लेकर दो विकेट की रोमांचक जीत दर्ज की। यह लगातार 9वां साल है जब मुंबई की टीम को अपने पहले मैच में हार मिली है।
MI vs RCB IPL 2021 1st Match LIVE स्कोरकार्ड
डिविलियर्स की तूफानी पारी, RCB की रोमांचक जीत
मुंबई के खिलाफ पारी की शुरुआत करने विराट कोहली के साथ वॉशिंग्टन सुंदर मैदान पर उतरे। देवदत्त पडीक्कल अस्वस्थ होने की वजह से आज का मैच नहीं खेल रहे हैं। क्रुणाल पांड्या ने सुंदर को 10 रन पर आउट कर टीम को पहला सफलता दिलाई। पहला मैच खेलने उतरे रजत पाटिदार को ट्रेंट बोल्ट ने 8 रन पर बोल्ड कर वापस भेजा। 33 रन पर बल्लेबाजी कर रहे विराट कोहली को पहला ओवर करने आए जसप्रीत बुमराह ने LBW किया।
मार्को जेनसन ने खतरनाक दिख रहे मैक्सवेल का विकेट लेकर बेंगलुरू को बड़ा झटका दिया। 28 गेंद पर 39 नर बनाकर वह क्रिस लिन के कैच दे बैठे। बुमराह ने राहुल चाहर के हाथों डैन क्रिस्टियन को आउट कर टीम को अहम सफलता दिलाई। जैमिसन 4 रन बनाकर रन आउट हुए।
मुंबई की पारी, लिन अर्धशतक से चूके
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस को पहला झटका रन आउट के रूप में लगा जब रोहित शर्मा खराब कॉल का शिकार हो गए। रोहित 15 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गए। मुंबई ने पावरप्ले में 41 रन बनाए। वहीं, 9 ओवर में लिन और सूर्यकुमार ने मिलकर स्कोर को 80 के पार पहुंचाया। 23 गेंद पर 31 रन की पारी खेलकर सूर्यकुमार यादव आउट हुए। जैमिसन ने उनको विकेट के पीछे डिविलिर्स के हाथों कैच करवाया। इसके बाद वॉशिंग्टन सुंदर ने 35 गेंद पर 49 रन बनाकर खेल रहे लिन को अपनी ही गेंद पर कैच कर आउट किया।
हार्दिक पाड्या के रूप में टीम को चौथा झटका लगा। हर्षल पटेल ने उनको 13 रन के स्कोर पर LBW कर वापस भेजा। पांचवां झटका मुंबई को इशान किशन के रूप में लगा। इशान 19 गेंदों में 28 रन बनाकर हर्षल पटेल की गेंद पर lbw आउट हुए। छठा झटका मुंबई को क्रुणाल पांड्या के रूप में लगा जो 7 रन बनाकर डैन क्रिस्चियन के हाथों कैच आउट हुए। सातवें विकेट के रूप में किरोन पोलार्ड भी सात रन बनाकर हर्षल के चौथे शिकार बने।
मुंबई का आठवां विकेट मार्को जैनसेन के रूप में गिरा जो खाता भी नहीं खोल सके और हर्षल पटेल की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। 9वीं सफलता आरसीबी को आखिरी गेंद पर मिली जब राहुल चाहर बिना खाता खोले रन आउट हो गए। उधर, हर्षल पटेल ने 4 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट झटके। हर्षल का ये पहला फाइव विकेट हॉल आइपीएल में है।
आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने बताया है कि उनकी टीम के लिए ग्लेन मैक्सवेल, काइल जैमीसन और रजत पाटीदार डेब्यू कर रहे हैं, जबकि डैनियल क्रिस्चियन को भी उन्होंने प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। मुंबई इंडियंस के लिए क्रिस लिन और मार्को जैनसेन आइपीएल में डेब्यू करने जा रहे हैं।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन
क्रिस लिन, रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, किरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, मार्को जैनसेन राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की प्लेइंग इलेवन
रजत पाटीदार, विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सेवेल, डैनियल क्रिस्चियन, वॉशिंग्टन सुंदर, हर्षल पटेल, काइल जैमीसन, शाहबाज अहमद, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल।
MI vs RCB Head to Head
मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच अब तक 27 आइपीएल मुकाबले खेले जा चुके हैं। हेड टू हेड में बाजी मुंबई की टीम ने मारी है। 17 बार मुकाबला मुंबई की फ्रेंचाइजी ने जीता है, जबकि सिर्फ 10 बार बाजी बैंगलोर की टीम ने मारी है। यहां तक कि पिछले चार मुकाबलों में तीन बार मुंबई इंडियंस जीती है, जबकि एक मैच आरसीबी ने अपने नाम किया है। हैरान करने वाली बात ये है कि ये मैच भी सुपर ओवर में आरसीबी ने जीता है।