तूफानी पारी के दौरान रोहित शर्मा ने तोड़ा रैना का रिकॉर्ड, क्रिस गेल से फिर भी रह गए पीछे
रोहित शर्मा ने सुरेश रैना के एक रिकॉर्ड को धवस्त कर दिया। हालांकि रोहित शर्मा पंजाब के ओपनर क्रिस गेल से फिर भी पीछे रह गए।
नई दिल्ली, प्रदीप सहगल। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार की शाम को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 94 रन की दमदार पारी खेली। रोहित की इस बेहतरीन पारी की बदौलत ही मुंबई ने चौथे मुकाबले में आइपीएल सीजन 11 की अपनी पहली जीत दर्ज की। इस पारी के दौरान ही रोहित शर्मा ने सुरेश रैना के एक रिकॉर्ड को धवस्त कर दिया। हालांकि रोहित शर्मा पंजाब के ओपनर क्रिस गेल से फिर भी पीछे रह गए।
रोहित ने तोड़ा रैना का रिकॉर्ड
बैंगलोर के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में आउट ऑफ फॉर्म चल रहे रोहित शर्मा ने सिर्फ 52 गेंदों पर धमाकेदार पारी खेलते हुए 94 रन बनाए। हालांकि रोहित आइपीएल के अपने दूसरे शतक से जरुर चूक गए, लेकिन उनकी इस पारी की बदौलत उनकी टीम को मौजूदा आइपीएल की पहली जीत मिल गई। इस पारी में हिटमैन के बल्ले से 10 चौके और 5 छक्के निकले। अपनी इस पारी में पहला छक्का लगाते ही रोहित शर्मा आइपीएल के इतिहास में दूसरे सबसे ज़्यादा सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। रोहित के नाम अब आइपीएल में 179 छक्के लगाने का रिकॉर्ड है। इस मैच से पहले रोहित और रैना दोनों ने ही आइपीएल में 174 छक्के जड़े थे, लेकिन इस पारी में पांच छक्के लगाते हुए रोहित ने रैना को पीछे छोड़ दिया।
गेल से काफी पीछे हैं रोहित
रोहित शर्मा ने भले ही टीम इंडिया के अपने साथी खिलाड़ी सुरेश रैना को पीछे छोड़ दिया हो, लेकिन वो क्रिस गेल से काफी पीछे हैं। गेल के नाम आइपीएल में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है और तो और इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहने वाले रोहित शर्मा क्रिस गेल के आस पास भी नहीं हैं। गेल ने अभी तक आइपीएल में 269 छक्के जड़े हैं। वहीं रोहित शर्मा के नाम अब 179 सिक्स हैं। यानि रोहित शर्मा को मौजूदा समय में गेल की बराबरी करने के लिए अभी 90 छक्के और लगाने होंगे और जब तक रोहित 90 छक्के लगाएंगे गेल और भी आगे निकल जाएंगे।
IPL की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आइपीएल में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
क्रिस गेल- 269 सिक्स
रोहित शर्मा- 179 सिक्स
सुरेश रैना- 174 सिक्स
ए बी डिविलियर्स- 167 सिक्स
विराट कोहली- 166 सिक्स
आइपीएल का पूरा शेड्यूल देखने के लिए यहां क्लिक करें
इस मामले में भी सबसे आगे हैं गेल
आपको ये जानकर हैरानी होगी कि आइपीएल में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले क्रिस गेल ने अभी तक इस टूर्नामेंट में सिर्फ 102 मैच ही खेले हैं। जबकि इनके बाद सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले रोहित शर्मा और सुरेश रैना ने 163 मैच खेले हैं। वहीं ए बी डिविलियर्स ने 133 मुकाबले खेले हैं, तो वहीं कोहली ने 153 मैचों में शिरकत की है। यानि गेल इन सभी में सबसे कम मैच खेलने के बावजूद भी छक्के जड़ने के मामले में इन सभी धुरंधरों से आगे हैं।