IPL 2020 की नीलामी के 5 बड़े खिलाड़ी, इतनी मोटी बेस प्राइस की शायद ही खरीदे कोई टीम!
हम आपको बताते हैं ऐसे ही पांच क्रिकेटरों के बारे में जिनके इस बार की नीलामी में बिकने की संभावना कम है।
नई दिल्ली, जेएनएन। इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन के लिए इसी महीने नीलामी की जानी है। नीलामी में शामिल होने के लिए 971 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इसमें कई ऐसे स्टार खिलाड़ी भी हैं जिन्होंने अपना ब्रेस प्राइस करोड़ों में रखा है। मोटी रकम होने की वजह से ऐसा हो सकता है कि शायद इनको कोई खरीददार ही ना मिले। चलिए, हम आपको बताते हैं ऐसे ही पांच क्रिकेटर के बारे में जिनके इस बार की नीलामी में बिकने की संभावना कम है।
मिशेल मार्श (ऑस्ट्रेलिया, बेस प्राइस 2 करोड़)
ऑलराउंडर मिशेल मार्श पिछले कुछ वक्त से ऑस्ट्रेलिया की टीम से अंदर बाहर हो रहे हैं। लगातार फॉर्म से जूझ रहे मिशेल ने इस बार 2 करोड़ की बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरने का फैसला लिया है।
ऑस्ट्रेलिया को अंडर 19 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले मिशेल का अब तक आईपीएल में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। 2010 में इस ऑलराउंडर को डेक्कन चार्जर्स ने खरीदा था। इसके बाद 2011 से 2014 तक वो पुणे सुपर वॉरियर्स का हिस्सा रहे। 2017-17 में उन्होंने पुणे सुपर जाइंट्स के लिए खेला। 20 आईपीएल मैच खेलने वाले मिशेल ने अब तक 225 रन बनाए हैं जबकि विकेट 20 हासिल किए हैं। हालिया प्रदर्शन और 2 करोड़ की बेस प्राइस की वजह से हो सकता है इस बार उनको खाली हाथ लौटना पड़े।
जोस हेजलवुड (ऑस्ट्रेलिया, बेस प्राइस 2 करोड़)
ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज जोस हेजलवुड भी 2 करोड़ की बेस प्राइस के साथ इस ऑक्शन में उतरे हैं। लगातार चोट से जूझने वाले हेजलवुड गेंदबाजी शानदार करते हैं लेकिन चोटिल होने की वजह से वह ज्यादा टी20 मैच नहीं खेल पाए हैं। इतनी मोटी रकम देकर शायद ही कोई इस गेंदबाज को टीम में शामिल करना चाहेगा।
डेविड विली (इंग्लैंड, बेस प्राइस 1.5 करोड)
इंग्लैंड के गेंदबाज डेविड विली को साल 2018 में चोटिल केदार जाधव की जगह चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल किया गया था। औसत प्रदर्शन के बाद भी पिछले साल टीम ने उनको रिटेन किया था। 3 मैच खेलने वाले विली ने सिर्फ 2 विकेट ही लेने में कामयाब हुए थे। इस बार वह 1.5 करोड़ की बेस प्राइस के साथ नीलामी में शामिल हुए हैं।
एंजेलो मैथ्यूज (श्रीलंका, बेस प्राइस 2 करोड़)
श्रीलंका के अनुभवी ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज अपने टैलेंट को आईपीएल में उस तरह से मैदान पर नहीं उतार पाए जैसा उनसे उम्मीद थी। मैथ्यूज टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं लेकिन बेहद कम मौकों पर उन्होंने ऐसा किया है। कोलकाता नाइट राइडर्स, पुणे वॉरियर्स और दिल्ली डेयरडेविल्स ( दिल्ली कैपिटल्स) की तरफ से खेल चुके हैं। 49 आईपीएएल में महज 724 रन और 27 विकेट फ्रेंचाइजी टीम को उनके उपर 2 करोड़ का दांव लगाने से पहले सोचने को मजबूर करेगी।
शॉन मार्श (ऑस्ट्रेलिया, ब्रेस प्राइस 1.5 करोड़)
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज शॉन मार्श ने किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ कई सालों तक शानदार खेल दिखाया। साल 2008 में जब आईपीएल की शुरुआत हुई तो उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाया और नेशनल टीम में जगह भी बनाई। पिछले कुछ सालों में उनके प्रदर्शन में गिरावट आई और पंजाब की टीम ने भी उनको 10 के बाद रिलीज करने का फैसला लिया। 36 साल के हो चुके मार्श के लिए इस बार बोली लगाने से पहले टीमें सोच विचार जरूर करेंगी।