IPL 2021: उम्मीद करते हैं यूएई में पिछले साल की तरह फिर बनेंगे चैंपियन : किरोन पोलार्ड
IPL 2021 किरोन पोलार्ड ने कहा मैं उत्साहित हूं। उम्मीद है कि हम उसे दोहरा पाएंगे जो हमने यहां पिछले साल किया था। हमारे लिए अच्छी यादें हैं। आइपीएल 2021 के पहले चरण में पोलार्ड ने सात मैचों में 56 के औसत से 168 रन बनाए।
अबू धाबी, आइएएनएस। IPL 2021: मुंबई इंडियंस के आलराउंडर कीरोन पोलार्ड को उम्मीद है कि उनकी टीम यूएई में पिछले बार की तरह इस सत्र में भी जीत हासिल करेगी। पोलार्ड गुरुवार की रात आइपीएल 2021 के दूसरे चरण में भाग लेने के लिए अबू धाबी पहुंचे थे।
पोलार्ड ने कहा, 'मैं उत्साहित हूं। उम्मीद है कि हम उसे दोहरा पाएंगे जो हमने यहां पिछले साल किया था। हमारे लिए अच्छी यादें हैं।' आइपीएल 2021 के पहले चरण में पोलार्ड ने सात मैचों में 56 के औसत से 168 रन बनाए। गेंद से उन्होंने तीन विकेट लिए थे। पोलार्ड कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) के खत्म होने के बाद यहां आए हैं और उन्हें टीम के बबल में जाने के लिए दो दिनों तक क्वरांटाइन में रहना होगा। पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस का सामना रविवार को दूसरे चरण के पहले मुकाबले में तीन बार की विजेता टीम सीएसके से होगा। मुंबई की टीम फिलहाल सात मैचों में आठ अंक लेकर चौथे स्थान पर है।
आपको बता दें कि, मुंबई इंडियंस टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में अब तक रिकार्ड पांच बार आइपीएल खिताब जीत चुकी है और एक बार फिर से वो छठी बार खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। पिछले साल यानी आइपीएल के 13वें सीजन में मुंबई इंडियंस का फाइनल में सामना दिल्ली कैपिटल्स के साथ हुआ था। इस मैच में अनुभवी रोहित शर्मा ने पहली बार फाइनल में जगह बनाने वाले श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स को हराया था।
हालांकि केविन पीटरसन ने मुंबई इंडियंस की जगह इस बार सीएसके को जीत का बड़ा दावेदार बताया है साथ ही रोहित की टीम को चेतावनी भी दी है कि, वो यूएई लेग की शुरुआत धीमा ना करें नहीं तो उन्हें नुकसान हो सकता है। देखा गया है कि, मुंबई की टीम शुरुआत में धीमी रहती है, लेकिन बाद में ये टीम चार्ज होती है और फिर जीतकर ही दम लेती है।