IPL 2019: युवी के हैट्रिक सिक्स के बाद चहल को याद आए स्टुअर्ट ब्रॉड
युवराज सिंह ने यजुवेंद्र चहल की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाए। इसके बाद फैंस को ही नहीं बल्कि चहल को भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की याद आ गई।
नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 में मुंबई और बैंगलोर के बीच गुरुवार को खेले गए मैच में सिक्सर किंग युवराज सिंह ने यजुवेंद्र चहल की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाए। इसके बाद फैंस को ही नहीं बल्कि चहल को भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की याद आ गई। प्रेस कांफ्रेस के दौरान चहल ने कहा कि उन्हें ब्रॉड याद आ गए। गौरतलब है कि 2007 टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ ब्रॉड की गेंद पर युवराज ने लगातार छह बाल पर छह छक्के लगाए थे।
बैंगलोर के खिलाफ चहल की गेंद पर युवी ने तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्का लगाया तो ऐसा लगा मानो वे इतिहास दोहरा देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पहली गेंद को बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने डीप स्क्वेयर पर उठा दिया। दूसरी गेंद को युवराज ने गेंदबाजी के सिर के ऊपर से उठाकर छक्का मारा। अगली गेंद को फिर उन्होंने लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का मारा। वो चौथी गेंद पर आउट हो गए। चहल ने उन्हें मोहम्मद सिराज के हाथों कैच कराया। युवराज इस दौरान पुराने रंग में दिखे। इस पारी में उन्होंने 12 गेंदों पर 23 रन बनाए।
इसके बाद चहल ने कहा कि वे ब्राड की तरह महसुस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि वह एक दिग्गज बल्लेबाज हैं, लेकिन मैंने अपनी क्षमता पर विश्वास किया। मैंने गेंद को थोड़ा ऊपर रखा। इससे यहां के छोटे ग्राउंड पर उन्हें आउट करने का चांस बन सकता था। उस समय मैं अपनी सर्वश्रेष्ठ बॉल फेंकने के बारे में सोच रहा था और वे छक्के लगा रहे थे। इसलिए मैंने वाइड गुगली फेंकी।
इस मैच में मुंबई की टीम ने बैंगलोर को 6 रन से हरा दिया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 187 रन बनाए। इसके बाद बैंगलोर की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 181 रन ही बना सकी।