IPL 2019: अपना पहला मैच खेलते ही IPL में विराट बना देंगे ये रिकॉर्ड, किसी ने भी नहीं किया है ऐसा
चेन्नई के खिलाफ मैदान पर कदम रखते ही विराट वो रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे जो किसी भी खिलाड़ी के नाम पर नहीं है।
नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 यानी आइपीएल के 12वें सीजन की शुरुआत बैंगलोर और चेन्नई के बीच होने वाले मुकाबले से होगी। बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली आइपीएल के पहले सीजन से ही बैंगलोर के साथ जुड़े हैं और वो इस बार इस टीम के लिए लगातार 12वां सीजन खेलते हुए नजर आने वाले हैं। चेन्नई के खिलाफ विराट जैसे ही इस सीजन का अपना पहला मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे एक अनोखा रिकॉर्ड उनके नाम पर दर्ज हो जाएगा। विराट आइपीएल के पहले ऐसे खिलाड़ी बन जाएंगे जिन्होंने एक टीम के लिए लगातार 12 सीजन खेले हैं।
वर्ष 2008 यानी आइपीएल के पहले ही सीजन में रॉयल चैलेंजर बैंगलोर ने विराट को अपनी टीम में शामिल किया था और तब से लेकर इस सीजन तक वो इसी टीम के साथ जुड़े हैं। IPL में 11 सीजन खेले जा चुके हैं और कई खिलाड़ियों ने दूसरे टीम का भी दामन थामा लेकिन विराट इस टीम के साथ बने हुए हैं। विराट के अलावा आइपीएल में कोई भी दूसरा खिलाड़ी नहीं है जो 12 सीजन तक एक ही टीम के साथ जुड़ा रहा हो।
विराट कोहली को बैंगलोर का कप्तान वर्ष 2013 में बनाया गया था, लेकिन उनकी कप्तानी में ये टीम एक बार भी खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाई है। वर्ष 2016 में विराट की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर उनकी टीम फाइनल में जरूर पहुंची थी लेकिन हैदराबाद के हाथों उन्हें हार झेलनी पड़ी। वर्ष 2016 में विराट ने तूफानी बल्लेबाजी की थी और रिकॉर्ड 973 रन बनाए थे। विराट ने इस वर्ष चार शतक भी लगाए थे।
बैंगलोर की तरफ से खेलते हुए विराट ने आइपीएल में खूब रन बनाए हैं। इस वक्त वो इस लीग में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। विराट ने IPL में अब तक कुल 163 मैच खेले हैं जिसमें उ्होंने 4948 रन बनाए हैं। आइपीएल में विराट का औसत 38.35 का रहा है जबकि उनका स्ट्राइक रेट 130.76 का रहा है। विराट कोहली ने आइपीएल में कुल 434 चौके और 177 छक्के लगाए हैं साथ ही उनके नाम पर चार शतक और 34 अर्धशतक दर्ज है। इस लीग में विराट का बेस्ट स्कोर 113 रन है।
आइपीएल में एक टीम के लिए सबसे ज्यादा सीजन तक खेलने वाले खिलाड़ी- (2019 सीजन भी शामिल)
विराट कोहली- 12 सीजन- बैंगलोर
हरभजन सिंह- 10 सीजन- मुुंबई
शॉन मार्श- 10 सीजन- पंजाब
किरोन पोलार्ड- 10 सीजन- मुंबई
सुरेश रैना व धौनी- 10 सीजन- चेन्नई