Move to Jagran APP

IPL 2019 DC VS MI: घरेलू मैदान पर दिल्ली के सामने आज मुंबई की चुनौती

IPL 2019 DC VS MI घर में मिली हार का मुंबई की टीम बदला लेना चाहेगी। दोनों टीमों को आठ-आठ मैचों में पांच-पांच जीत मिली हैं।

By TaniskEdited By: Published: Thu, 18 Apr 2019 05:04 PM (IST)Updated: Thu, 18 Apr 2019 05:04 PM (IST)
IPL 2019 DC VS MI: घरेलू मैदान पर दिल्ली के सामने आज मुंबई की चुनौती
IPL 2019 DC VS MI: घरेलू मैदान पर दिल्ली के सामने आज मुंबई की चुनौती

निखिल शर्मा, नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद को उसके घर में हराकर जोश से भरी दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। टीम इसलिए भी उत्साहित है कि उसे अपने अगले चार मुकाबले अपने घर में खेलने हैं। दिल्ली के सामने गुरुवार को घरेलू मैदान फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में मुंबई इंडियंस की चुनौती होगी। इस चुनौती से पार पाने के लिए दिल्ली की टीम कोई भी कमी छोड़ना नहीं चाहेगी। दिल्ली को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए छह में से तीन मुकाबले जीतने की जरूरत है। यह इस सत्र में इन दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला होगा। मुंबई में खेले गए पिछले मुकाबले को दिल्ली ने अपने नाम किया था। ऐसे में मुंबई की टीम इस मैच को जीतकर घर में मिली हार का बदला लेना चाहेगी।

loksabha election banner

स्पिन गेंदबाजी दिल्ली की चिंता

कोलिन इंग्राम के स्वदेश वापस लौट जाने के बाद दिल्ली की टीम में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज कोलिन मुनरो को खेलने का मौका मिला। मध्य क्रम में मुनरो के आने से टीम की बल्लेबाजी मजबूत हुई है। हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में मुनरो ने 40 रन की अहम पारी खेली थी। मुनरो के अलावा टीम को अगर अच्छी शुरुआत करनी है तो दोनों सलामी बल्लेबाजों पृथ्वी शॉ और शिखर धवन को बड़ी पारियां खेलनी होंगी। टीम की स्पिन गेंदबाजी जरूर थोड़ी समस्या बनी हुई है। लेग स्पिनर अमित मिश्रा और राहुल तेवतिया इस सत्र में लय में नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, तेज गेंदबाजी में दिल्ली के पास कैगिसो रबादा, कीमो पॉल और क्रिस मौरिस जैसे गेंदबाज हैं। इस तिकड़ी ने ही पिछले मैच में हैदराबाद के बड़े मध्य क्रम को ध्वस्त करके दिल्ली को रोमांचक जीत दिलाई थी।

लय में लौटी मुंबई

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर को पिछले मैच में हराने वाली मुंबई की टीम अब लय में लौैटती हुई दिख रही है। मुंबई के लिए उसके कप्तान रोहित शर्मा ने भी पिछले मैच में छोटी, लेकिन अच्छी पारी खेली थी। इसके अलावा कीरोन पोलार्ड भी अपने दम पर मुंबई को जीत दिला चुके हैं। टीम के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि उनके विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक शानदार फॉर्म में चल रहे हैं।

डिकॉक के लिए यह आइपीएल यादगार रहा है। इसके अलावा हार्दिक पांड्या भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह फिनिशर की भूमिका अच्छे से निभा रहे हैं। दिल्ली को इस मैच को जीतने के लिए इन दोनों बल्लेबाजों को आउट करना जरूरी होगा। मुंबई के लिए मध्य क्रम में एक स्थान को लेकर समस्या है। इशान किशन और युवराज सिंह खुद को इस स्थान के लिए साबित नहीं कर पाए हैं, वहीं सूर्यकुमार यादव की फॉर्म भी मुंबई के लिए इस बार समस्या बनी हुई है। गेंदबाजी में जेसन बेहरनडॉर्फ और लसिथ मलिंगा बेहद ही शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले मैच में मलिंगा ने आरसीबी के चार विकेट चटकाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.