IPL 2019: इस खिलाड़ी ने कहा- अगर टीम जीती तो जूते से शराब पीऊंगा
एंड्रयू टाय ने कहा है कि उनकी टीम इस साल खिताब जीतती है तो वह जूते से शराब पिएंगे। ऑस्ट्रेलिया में कामयाबी हासिल करने पर जूते से शैंपेन पीने का रिवाज है।
नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 में पंजाब (KXIP) टीम के खिलाड़ी एंड्रयू टाय ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगर उनकी टीम इस साल खिताब जीतती है तो वह जूते से शराब पिएंगे। दरअसल ऑस्ट्रेलिया में कामयाबी हासिल करने पर जूते से शैंपेन पीने का रिवाज है। इसके अनुसार शैंपेन को दाएं पैर के जूते में डालकर इसे पिया जाता है। इसके मद्देनजर टाय ने यह घोषणा की है।
टाय ने कहा कि वे जूते से शराब पीने बारे में विचार करेंगे। यदि पंजाब इस साल आइपीएल जीतती है तो हो सकता है वे ऐसा करें। फॉर्मूला वन ड्राइवर डेनियल रिकियार्डो की वजह से यह रिवाज काफी मशहूर हुआ है। वे जब भी रेस जीतते हैं तो जूते से शराब पीते हैं। जानकारी के अनुसार जूते से शराब पीने की परंपरा मैड ह्यूज ने शुरू की थी।
टाय ने आगे कहा कि वे फॉर्मूला वन रेस के फैन हैं। जब वे छोटे थे तो उनके पिता और वो एक साथ कार रेसिंग देखा करते थे। इसके बाद डेनियल रिकियार्डो आए। वो भी पर्थ से हैं। बता दें कि टाय ने अबतक आइपीएल में अबतक 21 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 16.91 की औसत से 37 विकेट लिए हैं। वे एक बार पांच विकेट भी ले चुके हैं। पिछले साल वे पर्पल कैप विजेता भी थे।
बता दें कि रविचंद्रन अश्विन की अगुआई वाली पंजाब की टीम ने इस साल राजस्थान के खिलाफ जीत से आगाज किया था। पहले मैच में उसने राजस्थान को 14 रन से हराया था, लेकिन दूसरे मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था। कोलकाता ने उसे 28 रन से हराया था। अब उसे अगला मैच मोहाली में शनिवार को मुंबई से खेलना है।