IPL 2020 के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी प्रवीण तांबे पर भी लगी लाखों की बोली, दो गेंदों में ली है हैट्रिक
Pravin Tambe Age IPL Auction 2020 कोलकाता में जारी आइपीएल 2020 के ऑक्शन में सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी प्रवीण तांबे पर भी बोली लगी और उन्हें खरीदा भी गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। Pravin Tambe Age IPL Auction 2020: कोलकाता में जारी इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल 2020 के ऑक्शन में सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी प्रवीण तांबे (Pravin Tambe) पर भी बोली लगी और उन्हें खरीदा भी गया। स्पिनर प्रवीण तांबे को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) फ्रेंचाइजी ने खरीदा। केकेआर ने 20 लाख की बेस प्राइस में अनुभवी स्पिनर प्रवीण तांबे को आइपीएल 2020 के लिए खरीदा।
लेग स्पिनर प्रवीण तांबे ने साल 2013 में राजस्थान रॉयल्स के लिए आइपीएल डेब्यू किया था। उस दौरान उनकी उम्र 41 साल थी। उस समय वे आइपीएल के सबसे ज्यादा उम्र वाले खिलाड़ी थी। वहीं, मौजूदा समय की बात करें तो उनकी उम्र 48 के पार है। इतनी उम्र में लोग संन्यास लेकर कोचिंग और क्रिकेट में अलग-अलग जिम्मेदारी संभालने लग जाते हैं, लेकिन प्रवीम तांबे के सिर पर अभी भी क्रिकेट खेलने का जुनून सवार है। यही कारण है कि वे इस उम्र में भी क्रिकेट खेलने के लिए उत्साहित हैं।
दो गेंदों में ली है हैट्रिक
आपको जानकर हैरानी होगी कि प्रवीण तांबे ने आइपीएल में महज दो गेंदों में हैट्रिक लेने का कमाल किया हुआ है। प्रवीम तांबे ने साल 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दो गेंदों में तीन विकेट लिए थे। दरअसल, प्रवीण तांबे ने मनीष पांडे और यूसुफ पठान जैसे बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था। प्रवीण तांबे ने एक वाइड गेंद पर मनीष पांडे को स्टंप आउट कराया था। इस तरह से प्रवीण तांबे ने सिर्फ दो लीगल गेंदों पर तीन विकेट लिए थे।
हालांकि, 5 गेंदों में 5 छक्के भी प्रवीण तांबे मुंबई टी20 लीग में खा चुके हैं, जब शिवम दुबे ने उनके खिलाफ आइपीएल 2019 के ऑक्शन से एक दिन पहले ठोके थे। मुंबई के रहने वाले प्रवीण तांबे ने 2013 से 2016 तक आइपीएल खेला है। इस दौरान उन्होंने 33 मैचों में 28 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका बेस्ट बोलिंग प्रदर्शन 20 रन देकर 4 विकेट है।