जब युवराज सिंह ने छक्कों में डील कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, महज 2 ओवर में ठोकी फिफ्टी
टीम इंडिया के सबसे खतरनाक बाएं हाथ के पूर्व मिडिल ऑर्डर बैट्समैन युवराज सिंह ने आज ही के दिन एक ओवर में 6 छक्के जड़कर इतिहास रचा था।
नई दिल्ली, जागरण स्पेशल। टीम इंडिया के सबसे खतरनाक बाएं हाथ के पूर्व मिडिल ऑर्डर बैट्समैन युवराज सिंह ने आज ही के दिन एक ओवर में 6 छक्के जड़कर इतिहास रचा था। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2007 के लीग मैच में युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के जड़े थे। हैरान करने वाली बात ये है कि इसी महीने उसी साल इंग्लैंड के एक बल्लेबाज ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में युवराज सिंह के खिलाफ लगातार 5 छक्के जड़े थे।
19 सितंबर 2007 को भारत और इंग्लैंड के बीच डरबन में आइसीसी वर्ल्ड टी20 का 21वां लीग मैच खेला गया, जिसमें टीम इंडिया के तत्कालीन कप्तान एमएस धौनी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। भारत का स्कोर 18 ओवर के बाद 3 विकेट के नुकसान पर 173 रन था। इसी बीच युवराज सिंह और इंग्लैंड के एंड्रयू फ्लिंटॉफ, स्टुअर्ट ब्रॉड और पॉल कोलिंगवुड के बीच कुछ बहस हो गई। इसके बाद पारी का 19वां ओवर फेंकने के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड आए।
ब्रॉड को बनाया अपना शिकार
स्टअर्ट ब्रॉड के कोटे के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर युवराज सिंह ने हाई बैकलिफ्ट के साथ लॉन्गऑन पर छक्का जड़ दिया। इसके बाद दूसरी गेंद को फिर से युवराज सिंह ने मिड विकेट और स्क्वायरलेग के बीच में से दर्शकों के बीच रख दिया। युवराज सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने तीसरी गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़कर छक्कों की हैट्रिक पूरी की। इसके बाद माहौल बदल चुका था। इंग्लैंड की टीम सोचने पर मजबूर हो गई थी।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने ओवर की चौथी गेंद को क्रीज के दूसरे छोर से फेंका और गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल टॉस डाल दी। युवराज सिंह ने इस गेंद को प्वाइंट बाउंड्री के बाहर भेजकर 6 रन बटोर लिए। एक फिर स्टुअर्ड ब्रॉड ने क्रीज का छोर बदला और युवराज सिंह को ओवर की पांचवीं गेंद फेंकी जो युवराज के पाले में गिरी और उन्होंने लॉन्ग ऑन के क्षेत्र में एक और छक्का जड़ दिया।
#OnThisDay @YUVSTRONG12 caught 🔥
6️⃣ 6️⃣ 6️⃣ 6️⃣ 6️⃣ 6️⃣ in the 2007 #T20WorldCup. pic.twitter.com/1hvwKE2CBf— T20 World Cup (@T20WorldCup) 19 September 2019
अब इतिहास रचा जाना था। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार एक ओवर में 6 छक्के जड़े जाने थे। युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड की आखिरी गेंद को हवा में उछाल दिया और गेंद ऑन साइड में 6 रन के लिए चली गई। टी20 क्रिकेट में अभी तक ऐसा नहीं हुआ जो युवराज ने साल 2007 में कर दिखाया। हालांकि, वनडे क्रिकेट में हर्शेल गिब्स ने एक ओवर में 6 छक्के जड़ दिए थे।
12 गेंदों में ठोकी फिफ्टी
युवराज सिंह ने इस मैच में महज 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि किसी भी फॉर्मेट की क्रिकेट में ये सबसे तेज अर्धशतक था। इस पारी में युवराज ने कुल 16 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल थे। गौरतलब है कि इस टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच को भी भारत ने जीता था और टी20 वर्ल्ड कप का पहला सीजन अपने नाम किया था।