World Cup 2019: कगिसो रबादा ने फेंकी इतनी तेज गेंद कि धवन का बल्ला ही टूट गया
ICC Cricket World Cup 2019 साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबादा ने इतनी तेज गेंद फेंकी कि शिखर धवन के बैट को ही तोड़ दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। ICC Cricket World Cup 2019: साउथ अफ्रीका और भारत के बीच खेले गए वर्ल्ड कप 2019 के 8वें मैच की दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबादा ने खतरनाक गेंदबाजी की। इसी दौरान उन्होंने एक तेज गेंद फेंकी कि शिखर धवन का बल्ला ही टूट गया। इसके बाद शिखर धवन ने बल्ला जरूर बदला लेकिन वे कुछ ही देर बाद आउट हो गए। इस तरह टीम इंडिया को पहला झटका लगा।
साउथ अफ्रीका द्वारा दिए गए 228 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी की शुरुआत शिखर धवन और रोहित शर्मा ने की। इसी पारी का चौथा ओवर प्रोटियाज टीम की ओर से उनके भरोसेमंद गेंदबाज कगिसो रबादा ने कराया। रबादा ने इस ओवर की आखिरी गेंद को 146 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से फेंका। गेंद लगभग यॉर्कर लेंथ पर थी लेकिन गेंद सीधे शिखर धवन के बल्ले के निचले छोर पर जा लगी और बैट के परखच्चे उड़ गए।
शिखर धवन ने गेंद को ऑन साइड में खेलने का प्रयास किया। चूंकि गेंद तेज गति की लोअर फुलटॉस थी ऐसे में शिखर धवन ने बल्ला तेज चलाया जिसकी वजह से गेंद बल्ले के नीचे के दाएं भाग में लगी जहां बल्ले का सिरा बहुत पतला और हलका होता है। यही वजह रही कि इस 91MPH की गेंद को बल्ला सह नहीं पाया और टूट गया।
बाद में शिखर धवन ने बल्ला बदला लेकिन वो 12 गेंदों में 8 रन बनाकर विकेट के पीछे क्विंटन डिकॉक के हाथों कगिसो रबादा की गेंद पर कैच आउट हो गए। इस तरह शिखर धवन की आइसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 में खराब शुरुआत हुई। हैरान करने वाली बात ये रही कि रबादा ने छठे ओवर की पहली ही गेंद पर शिखर को चलता किया। इससे पहली गेंद पर यानी चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर उनका बल्ला टूटा था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप