विराट कोहली का मैदान के बाहर बड़ा रिकॉर्ड, इंस्टाग्राम पर भारत में उनके सबसे ज्यादा फॉलोअर्स
विराट कोहली को इंस्टाग्राम पर फॉलो करने वाले फैंस की संख्या पांच करोड़ हो गई है और वो पहले भारतीय हैं जिनके इतने फॉलोवर इस अकांउट पर बने हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के चाहने वालों की कोई कमी नहीं है और इसकी संख्या दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है। एक तरफ तो विराट कोहली मैदान के अंदर कई बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम करते जा रहे हैं तो दूसरी तरफ मैदान से बाहर भी उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बना डाला है। विराट कोहली पहले ऐसे भारतीय बन गए हैं जिन्हें इंस्टाग्राम पर फॉलो करने वाले फैंस की संख्या 5 करोड़ पहुंच गई है। अब तक किसी भी भारतीय सेलिब्रेटी के इंस्टाग्राम पर उन्हें फॉलो करने वाले फैंस की संख्या इस आंकड़े तक नहीं पहुंची थी। विराट ये कमाल करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का ब्रांड वेल्यू भी सबसे ज्यादा है और कुछ दिन पहले ही ये अांकड़ा सामने आया था। वो इस वक्त भारत के सबसे लोकप्रिय चेहरा हैं। इंस्टाग्राम की बात करें तो यहां पर विराट को भारत में फॉलो करने वाले फैंस की संख्या सबसे ज्यादा है जबकि इस मामले में दूसरे स्थान पर फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा हैं। विराट को इंस्टाग्राम पर फॉलो करने वाले की संख्या 50 मिलियन हो चुकी है तो प्रियंका के इंस्टाग्राम पर 49.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
इस मामले में तीसरे स्थान पर दीपिका पादुकोण हैं जिन्हें 44.1 लोग इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं। वहीं चौथे स्थान भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं जिन्हें इस फोटो शेयरिंग वेबसाइट पर 34.5 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। दुनिया में सबसे अधिक इंस्टाग्राम फॉलोअर्स वाली प्रोफाइल की बात करें तो यहां फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले स्थान पर हैं, जिनके 200 मिलयन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
विराट कोहली को जहां एक तरफ इतने सारे लोग फॉलो करते हैं तो वो खुद ही 480 लोगों को फॉलो करते हैं। विराट सोशल साइट्स पर काफी एक्टिव रहते हैं और अपनी तस्वीरें व वीडियो समय-समय पर अपने फैंस के लिए शेयर करते रहते हैं विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर अब तक कुल 930 पोस्ट किए हैं।