विराट कोहली के इंस्टाग्राम पर सात करोड़ फॉलोअर, भारतीयों में हैं नंबर वन
विराट कोहली इंस्टाग्राम पर फॉलो किए जाने के मामले में टॉप टेन भारतीयों में पहले स्थान पर हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली इंस्टाग्राम पर सात करोड़ फॉलोअर्स वाले पहले भारतीय हो गए हैं। वह दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोन मेसी और नेमार के बाद इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस सूची में बास्केटबॉल दिग्गज खिलाड़ी लेब्रॉन जेम्स (6.90 करोड़ फॉलोअर्स) को पीछे छोड़ा है। इटली के फुटबॉल क्लब जुवेंटस के स्ट्राइकर रोनाल्डो के इंस्टाग्राम पर 23.2 करोड़ फॉलोअर्स हैं। दूसरे स्थान पर स्पेनिश फुटबॉल क्लब बार्सिलोन के मेसी हैं। उनके 16.1 करोड़ फॉलोअर्स हैं, जबकि ब्राजीलियन फुटबॉलर नेमार को 14 करोड़ लोग इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं।
इसके अलावा कोहली के बाद इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली भारतीय प्रियंका चोपड़ा हैं। उन्हें 5.5 करोड़ लोग इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलो करते हैं। कोहली इंस्टग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले शीर्ष-10 भारतीयों में इकलौते खिलाड़ी हैं। खिलाडि़यों की लॉकडाउन के दौरान हुई कमाई के मामले में कोहली छठे स्थान पर हैं। शीर्ष पर रोनाल्डो हैं। 31 साल के कोहली ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर 1000 पोस्ट पूरे किए थे जबकि वह 171 लोगों को फॉलो करते हैं।
आपको बता दें कि विराट कोहली इंस्टाग्राम पर फॉलो किए जाने के मामले में दुनिया के नंबर एक क्रिकेटर हैं। पूरी दुनिया में विराट जितने फॉलोअर्स अन्य किसी क्रिकेटर के नहीं हैं। वहीं भारत के टॉप टेन इंस्टा फॉलोअर्स में भी विराट पहले स्थान पर हैं। विराट कोहली के बाद दूसरे नंबर पर प्रियंका चोपड़ा हैं जिनके 5.50 करोड़ फॉलोअर्स हैं। वहीं तीसरे नंबर पर श्रद्धा कपूर हैं जिनके 5.14 करोड़ फॉलोअर्स हैं। इस मामले में पीएम मोदी फिलहाल पांचवें स्थान पर हैं जिनके 4.59 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले शीर्ष-10 भारतीय
भारतीय, फॉलोअर्स
विराट कोहली, 7 करोड़
प्रियंका चोपड़ा, 5.50 करोड़
श्रद्धा कपूर, 5.14 करोड़
दीपिका पादुकोण, 5.10 करोड़
आलिया भट्ट, 4.80 करोड़
नरेंद्र मोदी, 4.59 करोड़
जैकलीन फर्नांडीस, 4.30 करोड़
अक्षय कुमार, 4.29 करोड़
नेहा कक्कड़, 4.24 करोड़
कैटरीना कैफ, 4.11 करोड़