SA VS SL T20: अफ्रीका ने श्रीलंका को रोमांचक मुकाबले में हराया, सुपर ओवर में हुआ फैसला
दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले टी-20 मैच में मेहमान टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस रोमांचक मुकाबले का फैसला सुपर ओवर में हुआ।
केपटाउन, एजेंसी। केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले टी-20 मैच में मेहमान टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस रोमांचक मुकाबले का फैसला सुपर ओवर में हुआ। टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। श्रीलंका ने 20 ओवर में 135 रन बनाए। इसके बाद मेहमान टीम ने लसिथ मलिंगा की धारदार गेंदबाजी के दमपर अफ्रीका को 20 ओवर में 134 रन पर ही रोक दिया और मैच टाई हो गया।
श्रीलंका की ओर से कामिंदु मेंडिस ने सबसे ज्यादा 29 गेंद पर 41 रन बनाए। इसके अलावा थिसारा परेरा ने 21 गेंद पर 19 रन का बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए फेहलुकवायो ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट इटके। अफ्रीका की तरफ से डेविड मिलर ने 23 गेंदों पर 41 रन बनाए। इनके अलावा रासे वान डर डुसेन ने 30 गेंदों में 34 रन बनाए। श्रीलंका के लिए लसिथ मलिंगा ने चार ओवर में 11 रन देकर दो विकेट लिए।
अफ्रीका को चार ओवर में चाहिए थे 18 रन
दक्षिण अफ्रीका को आखिरी के चार ओवर में जीतने के लिए सिर्फ 18 रन की दरकार थी। उसके पास सात विकेट शेष थे। इसके बाद मलिंगा ने 17वें ओवर में केवल दो रन देकर दो विकेट चटकाए और मैच का रूख पलट दिया। इस ओवर में उन्होंने वान डेर डुसेन और डेविड मिलर को आउट किया। आखिरी ओवर में अफ्रीका को 5 रन चाहिए थे और उसके तीन विकेट बचे थे। इस दौरान जेपी डुमिनी और डेल स्टेन क्रीज पर थे, लेकिन पांचवी गेंद पर डुमिनी आउट हो गए। इसके बाद अंतिम गेंद पर ताहिर ने एक रन लेकर स्कोर बराबर कर दिया और सुपर ओवर तक पहुंच गया।
सुपर ओवर का रोमांच, ताहिर का कमाल
सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की। डेविड मिलर ने श्रीलंका के कप्तान मलिंगा को एक छक्का और चौका लगाया और श्रीलंका को 14 रन का लक्ष्य दे दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के लिए लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने यह ओवर फेंकी। इस ओवर में उन्होंने पांच रन दिए। इसमें दो गेंद वाइड थीं। इस तरह से मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।