राजस्थान में क्रिकेट पर लगा फिर ब्रेक, RCA हुआ भंग
आरसीए से जुड़े 33 जिलों में से कुल 16 जिलों ने जोशी के खिलाफ दो महीने पहले शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उनके ऊपर राज्य क्रिकेट संघ में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया था।
नई दिल्ली, जेएनएन आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य सरकार ने राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) को भंग कर दिया गया। आरसीए के अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। जोशी के हटने से पूर्व आरसीए अध्यक्ष ललित मोदी का खेमा मजबूत हो गया। आरसीए के सचिव आरएस नंदू ने कहा, 'कार्यकारी समिति को भी मंगलवार को भंग कर दिया गया इसलिए अब अगले तीन महीनों में नए सिरे से चुनाव कराए जाएंगे।
आरसीए से जुड़े 33 जिलों में से कुल 16 जिलों ने जोशी के खिलाफ दो महीने पहले शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उनके ऊपर राज्य क्रिकेट संघ में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया था। 'उन्होंने कहा, 'जोशी ने खेल कानून से छेड़छाड़ की जिसके मुताबिक घरेलू टूर्नामेंट नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाने की बात कही गई। साथ ही वार्षिक ऑडिट भी नहीं कराया गया जो अवाश्यक होता है।
राजस्थान खेल कानून के तहत आठ सदस्यीय एडहॉक समिति बनाई गई जो क्रिकेट की गतिविधियों की निगरानी करेगी। विनोद शरण इस समिति की अध्यक्षता करेंगे और 33 जिलों में से आठ सदस्य चुने जाएंगे।' नंदू पूर्व आइपीएल चेयरमैन ललित मोदी के काफी करीबी माने जाते हैं। आरसीए के पिछले चुनावों में जोशी ने ललित मोदी के बेटे रुचिर मोदी को हरा दिया था, लेकिन अब उनके अध्यक्ष बनने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं।