रांची में ऐसे मनाया 'कैप्टन कूल' धौनी ने अपना जन्मदिन
भारतीय वनडे व टी-20 टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अपना 35वां जन्मदिन परिवार के साथ सादगी से मनाया।
जागरण संवाददाता, रांची। भारतीय वनडे व टी-20 टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अपना 35वां जन्मदिन परिवार के साथ सादगी से मनाया। इस मौके पर माही ने पर्यावरण बचाने का भी संदेश दिया। घर में पूजा-पाठ करने के बाद वह मित्रों के साथ रांची स्थित सिमलिया में बन रहे अपने फॉर्म हाउस गए, जहां उन्होंने पौधा लगाया। धौनी झारखंड पर्यावरण विभाग के ब्रांड दूत भी हैं।
35 के हुए धौनी, यहां क्लिक करें और चंद मिनटों में जानें उनकी पूरी कहानी
मां-पिता से लिया आशीर्वाद :
माही ने सुबह मां व पिता से आशीर्वाद लिया। इस मौके पर घर पर ही परिवार के सदस्यों ने पूजा की। इसके बाद धौनी पत्नी साक्षी व बेटी जीवा के साथ दिन भर घर पर रहे। इस दौरान उनके कुछ मित्रों ने माही को बधाई दी।
घर के सामने प्रशंसक थे खड़े :
माही को बधाई देने के लिए सुबह से कुछ प्रशंसक उनके घर के बाहर खड़े थे। दोपहर बाद माही ने छत से प्रशंसकों को देख हाथ हिलाया और फिर अंदर चले गए।
देउड़ी में हुई पूजा :
तमाड़ स्थित देउड़ी मंदिर में धौनी के जन्मदिन के अवसर पर पूजा-पाठ हुआ। धौनी के फैन यूपी सहारनपुर निवासी रवींद्र सैनी ने हर साल की तरह पहले माता के दरबार में पूजा-अर्चना की फिर दोपहर का भोग लगाकर महाआरती की। मंदिर परिसर में ही केक काटा गया। जमशेदपुर के एक और फैन हनी सचदेव भी पूरे परिवार के साथ उपस्थित थे। इस अवसर पर मंदिर के प्रधान पुजारी मनोज पंडा, वैरागी, मिथिलेश सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे। स्पोर्ट्स लवर्स एसोसिएशन ने साइ कोचिंग सेंटर के साथ मिलकर धुर्वा गोलचक्कर में माही का जन्मदिन मनाया
काटा 7 पाउंड का केक :
अरगोड़ा चौक स्थित डेंटल वर्ल्ड में उत्तराखंड भातृ संघ की ओर से धौनी का जन्मदिन मनाया गया। यहां धौनी के पिता पान सिंह ने 7 पाउंड का केक काटा। गौरतलब है कि धौनी का लकी नंबर 7 ही है। उनकी जन्म तिथि, जन्म के महीने का नंबर (जुलाई) और टीम इंडिया का जर्सी नंबर भी 7 ही है।