ICC ने उठाया बड़ा कदम, महिला टी20 विश्व कप में अब 10 टीमें नहीं खेलेंगी
सोमवार को आइसीसी की तरफ से जानकारी दी गई कि महिलाओं की प्रतियोगिताओं में 2026 से अधिक टीमें भाग लेंगी। क्रिकेट की संचालन संस्था ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला क्रिकेट में विस्तार की अपनी योजना की घोषणा की।
दुबई, पीटीआइ। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) ने आगे आने वाली महिलाओं की प्रतियोगिताओं के लिए कुछ बदलाव करने के संकेत दिए हैं। सोमवार को आइसीसी की तरफ से जानकारी दी गई कि महिलाओं की प्रतियोगिताओं में 2026 से अधिक टीमें भाग लेंगी। क्रिकेट की संचालन संस्था ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला क्रिकेट में विस्तार की अपनी योजना की घोषणा की।
आइसीसी ने अगले पांच साल के महिलाओं को लेकर खेली जाने वाली प्रतियोगिता को लेकर कुछ बदलाव नहीं किया। 2021 से 2015 तक तमाम प्रतियोगियाओं का फॉर्मेट वैसा ही रहेगा जैसे इस वक्त चल रहा है। इसके बाद टीमों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। इस बात को लेकर आम सहमति बन गई है। पिछले साल खेले गए आइसीसी महिला टी20 विश्व कप को लोगों का काफी समर्थन मिला था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मैच को देखने के लिए रिकॉर्ड संख्या में दर्शक आए थे।
महिला दिवस पर टीम इंडिया को BCCI ने दी बड़ी खुशखबरी, 6 साल बाद मिलेगा ऐसा मौका
आइसीसी ने कहा कि 2026 से महिला टी-20 विश्व कप में 10 की बजाय 12 टीमें भाग लेंगी। महिला वनडे विश्व कप में 2029 से आठ के बजाय 10 टीमें हिस्सा लेंगी। टी-20 विश्व कप में 2024 तक 10 टीमें ही खेलेंगी, जबकि अगले दो वनडे विश्व कप में आठ टीमों को शामिल किया जाएगा।
आइसीसी के मुख्य कार्यकारी मनु साहनी ने कहा, 'हम पिछले चार वर्षो से वैश्विक प्रसारण कवरेज और विपणन से लेकर प्रशंसकों को जोड़ने पर ध्यान देकर महिला क्रिकेट को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके परिणाम भी दिखने लग गए हैं और आइसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2020 को रिकॉर्ड एक अरब एक करोड़ वीडियो व्यूज मिले।'
महिला क्रिकेट में यह सबसे अधिक देखी जाने वाली प्रतियोगिता थी। मेलबर्न में खेले गए फाइनल में रिकॉर्ड 86,174 दर्शक स्टेडियम में पहुंचे थे। महिला टी-20 चैंपियंस कप 2027 से शुरू होगा, जिसमें छह टीमें भाग लेंगी।