कोहली के शतक के साथ उनके इस अंदाज के लिए भी बोले फैंस, 'वाह क्या बात है'- देखें तस्वीरें
विराट ने जब शतक लगाया तो स्टैंड में उनकी पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी मौजूद थी
नई दिल्ली, जेएनएन।इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने ना केवल शतक लगाकर अपने फैंस को खुश किया बल्कि शतक बनाने के बाद उन्होंने इसका जश्न जिस तरह से बनाया उसका हर कोई कायल हो गई। दरअसल विराट ने जब शतक लगाया तो स्टैंड में उनकी पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी मौजूद थी। शतक पूरा होते ही उन्होंने बल्ला और दस्ताने नीचे रखे और अपने गले से एक चेन निकाली और उसको बीच ग्राउंड पर चूमा।
इस चेन में उन्होंने अपनी सगाई की अंगूठी डाल रखी है। यही नहीं उनका इशारा स्टैंड में बैठी अनुष्का की तरफ ही था। विराट ने अपनी ये पारी अनुष्का शर्मा को समर्पित की। इसके बाद जब वह आउट हुए तब भी पवेलियन लौटते समय अनुष्का को बैट दिखा कर अभिनंदन किया। अनुष्का भी लगातार अपने पति का ताली बजा कर हौसलाअफजाई कर रही थी।
विराट कोहली का अंदाज
सगाई की रिंग को चूमा
अनुष्का शर्मा की तरफ किया इशारा
विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 149 रन की पारी खेली। यह विराट का टेस्ट क्रिकेट में 22वां और इंग्लैंड की धरती पर पहला टेस्ट शतक है। इससे पहले विराट इंग्लैंड में बुरी तरह फ्लॉप रहे थे लेकिन इस बार उन्होंने ये कसर भी पूरी कर दी। विराट की पारी की बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी में 274 रन बनाएअ। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 287 रन का स्कोर बनाया था।
ऐसा नहीं है कि विराट ने इस अंदाज में पहली बार जश्न मनाया हो। इससे पहले साल की शुरुआत में उन्होंने साउथ अफ्रीका के सेंचुरियन में शतक ठोका था तो भी सबसे पहले रिंग को चूमा था। उस टेस्ट मैच में विराट ने 153 रन की पारी खेली थी। आपको बता दें कि कई बार अनुष्का शर्मा को विराट कोहली के रन ना बनाने के बाद ट्रोल किया जाता रहा है। कई बार तो विराट ने ही फैंस की इस हरकत पर उन्हें फटकार लगाई है।