रोहित शर्मा ने 10 रन बनाकर भी सचिन, विराट व मोर्गन को छोड़ा पीछे, निकले सबसे 'तेज'
Ind vs Aus रोहित शर्मा मुंबई में बड़ी पारी खेलने से जरूर रह गए लेकिन एक शानदार रिकॉर्ड फिर भी अपने नाम कर लिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। रोहित शर्मा भारत की तरफ से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में मौजूदा टीम में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। तो वहीं मुंबई में खेले गए साल 2020 के पहले वनडे मैच में उन्होंने एक कमाल का रिकॉर्ड अपने नाम पर दर्ज कर लिया। रोहित ने बेशक इस मैच में दस रन की पारी खेली, लेकिन उन्होंने सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। दलअसल रोहित शर्मा अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
रोहित ने सचिन व विराट को छोड़ा पीछे
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कंगारू टीम के खिलाफ इस साल के पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा बड़ी पारी खेलने से जरूर चूक गए, लेकिन एक कमाल का रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए सचिन व विराट जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। अपने घरेलू मैदान यानी मुंबई में वो वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले इस मामले में सबसे उपर संयुक्त रूप से सचिन व विराट चल रहे थे। रोहित ने अपने घरेलू मैदान पर 18 वनडे पारियों में 1000 रन बना डाले जबकि सचिन व विराट ने ये कमाल 19-19 पारियों में किया था। वहीं विदेशी खिलाड़ियों में इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 वनडे पारियों में अपने 1000 रन पूरे किए थे।
हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन सबसे उपर हैं। सचिन ने 30 पारियों में कुल 1561 रन बनाए थे जबकि विराट ने 19 पारियों में 1032 रन बनाए हैं। वहीं रोहित शर्मा ने अपने घरेलू मैदान पर 18 पारियों में 1000 रन बनाए हैं। धौनी इस मामले में चौथे स्थान पर हैं और उन्होंने 30 पारियों में 926 रन बनाए हैं। सचिन ने अपने घरेलू मैदान पर चार, विराट ने पांच और रोहित ने तीन शतक लगाए हैं। वनडे क्रिकेट में रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक खेले 38 वनडे मैचों में 2047 रन बनाए हैं।