Covid 19: पूर्व भारतीय ओपनर चेतन चौहान कोरोना संक्रमित, लखनऊ के अस्पताल में भर्ती
पूर्व क्रिकेटर के बीमार होने की खबर से खेल जगत चिंता में है और सभी उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के पू्र्व ओपनर चेतन चौहान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी सोशल मीडिया पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने दी। 72 साल के पूर्व क्रिकेटर के बीमार होने की खबर से खेल जगत चिंता में है और सभी उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
आकाश चोपड़ा ने ट्विटर पर शनिवार की रात चेतन के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी सबके साथ साझा की। उन्होंने लिखा, चेतन चौहान जी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके लिए भी सीधा अपनी शुभकामना संदेश भेज रहा हूं। जल्दी स्वस्थ हो जाइए सर, आज की रात भारी है। बिग बी और चेतन जी।
Chetan Chauhan ji is also tested positive for #COVIDー19. Sending best wishes in his direction too...get well soon, sir. Tough night this one...Big B and Chetan Ji. — Aakash Chopra (@cricketaakash) July 11, 2020
जानकारी के मुताबिक उनको लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चेतन जी के बेहतर स्वास्थ की कामना करते हुए पूर्व तेज गेंदबाज रूद्र प्रताप सिंह ने संदेश दिया।
Just heard about @ChetanChauhanCr ji Chetan has tested positive for #coronavirus . Preying for his speedy recovery. #prey — R P Singh रुद्र प्रताप सिंह (@rpsingh) July 11, 2020
भारत की तरफ से 40 टेस्ट मैच खेलने वाले चेतन ने सुनील गावस्कर के साथ 1970 के दशक की सफल ओपनिंग जोड़ी बनाई थी। टेस्ट क्रिकेट में बिना एक भी शतक बनाए सबसे 2 हजार रन पूरा करने वाले चेतन जी पहले बल्लेबाज बने थे। गावस्कर के साथ मिलकर चेतन जी ने 59 पारियों में 3022 रन की साझेदारी निभाई थी। इनमें से 10 साझेदारी शतकीय रही थी।
गौरतलब है कि शनिवार को ही बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, आर पी सिंह, रोहित शर्मा, सुरेश रैना और इरफान पठान ने उनके जल्दी ठीक होने की कामना की है।