स्टीव स्मिथ पर बरसे पूर्व कोच लेहमन, गेंद से छेड़छाड़ मामले को लेकर बोल दी ये बात
गेंद से छेड़छाड़ के मामले के चलते स्मिथ और उप कप्तान डेविड वार्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगने के बाद लेहमन ने कोच पद से इस्तीफा दे दिया था।
मेलबर्न, जेएनएन। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच डेरेन लेहमन गेंद से छेड़छाड़ के मामले को लेकर अब स्टीव स्मिथ पर बरसे हैं। लेहमन का मानना है कि केपटाउन में जब इसकी योजना बन रही थी तब तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ को आंख नहीं मूंदनी चाहिए थी।
लेहमन ने कहा, ‘स्मिथ ने इस योजना पर आंख मूंदने का फैसला किया। वह देश का कप्तान था और उसका इस पर नियंत्रण होना चाहिए था।’ उन्होंने कहा, ‘मैं अब भी देश की कप्तानी करने के दबाव को नहीं समझ पाया हूं। यह काफी ज्यादा होता होगा।’
स्मिथ और उप कप्तान डेविड वार्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगने के बाद लेहमन ने कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने इस घटना को अंजाम दिया था और उन पर नौ महीने का प्रतिबंध लगा जो शनिवार को समाप्त हो रहा है। स्मिथ और वार्नर को मार्च तक इंतजार करना होगा।
लेहमन ने कहा कि बैनक्राफ्ट से जब गेंद की शक्ल बिगाड़ने के लिए कहा गया तो उन्हें इस बारे में सहयोगी स्टाफ को बताना चाहिए था।
उन्होंने कहा, ‘हां, उसे हमारे पास आना चाहिए था। इन खिलाड़ियों ने बड़ी गलती की जिसका कई लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ा। हम जानते हैं कि ऐसा नहीं होना चाहिए था लेकिन ऐसा हुआ।’