भारत व इंग्लैंड टेस्ट मैच के दौरान लॉर्डस में सचिन से मिले एक्टर रणवीर सिंह
लॉर्ड्स में भारत व इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर, बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह और निर्देशक कबीर खान एक साथ दिखाई दिए।
बारिश की वजह से मैच नहीं हो पा रहा था। इसे देखकर रणवीर सिंह भी काफी निराश दिखे। रणवीर ने ट्विटर पर लिखा कि रेन-रेन गो अवे। बारिश की वजह से मैच नहीं हो पाने के कारण जहां रणवीर सिंह नाराज थे, लेकिन सचिन तेंदुलकर के साथ मुलाकात ने उनके चेहरे की खुशी वापस लौटा दी। कबीर खान ने सचिन के साथ अपनी और रणवीर सिंह की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर भी शेयर की। कबीर ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, सचिन तेंदुलकर तब नौ साल के थे, जब उन्होंने टेलीविजन पर कपिल देव को 1983 का विश्व कप उठाते हुए इसी मैदान पर देखा था। इसी जीत ने सचिन को भारत के लिए खेलने के लिए प्रेरित किया था। 35 साल बाद हम फिल्म 83 की तैयारी की शुरुआत लॉर्ड्स से कर रहे हैं। इससे बेहतर और कुछ हो सकता है क्या?
Rain Rain go away 🌧 pic.twitter.com/rfpoWOEcFA — Ranveer Singh (@RanveerOfficial) August 9, 2018
सचिन तेंदुलकर ने भी इंस्टाग्राम में रणवीर और कबीर के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर को शेयर करते हुए सचिन ने लिखा है, यहां मैं इन दो बेहतरीन लोगों से मिला। बता दें कि कबीर 1983 विश्व कप पर आधारित एक फिल्म बना रहे हैं। इस फिल्म में 1983 विश्व कप की ट्रॉफी उठाने वाले कप्तान कपिल देव की भूमिका रणवीर सिंह निभा रहे हैं।