World Cup 2019: एक विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में ये देश है नंबर वन, क्या इस बार टूटेगा रिकॉर्ड !
World Cup 2019 पिछले विश्व कप में कुल 38 शतक लगे थे जिसमें से आठ शतक इस देश के बल्लेबाजों ने लगाए थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। World Cup 2019 विश्व कप के इतिहास में एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड्स बने हैं जो अब तक अटूट हैं। इनमें से एक रिकॉर्ड पिछले विश्व कप यानी वर्ष 2015 में बना था। आखिरी विश्व कप के दौरान कुल 38 शतक लगे थे जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है और इसमें से सबसे ज्यादा शतक श्रीलंका की टीम की तरफ से लगाए थे।
पिछले विश्व कप में श्रीलंका की टीम की तरफ से कुल 8 शतक लगाए गए थे। ये विश्व कप के किसी एक टूर्नामेंट में किसी एक टीम की तरफ से लगाया गया सबसे ज्यादा शतक है। श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेले गए पिछले विश्व कप में आठ शतक लगाए थे जो कि एक विश्व रिकॉर्ड है। इनमें से श्रीलंका की तरफ से कुमार संगकारा ने चार शतक लगाए थे। पिछले विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कुल पांच शतक लगे थे और इस मामले में ये टीम दूसरे नंबर पर रही थी।
कमाल की बात ये है कि पिछली बार श्रीलंका ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा था। वर्ष 2015 से पहले एक विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड श्रीलंकाई टीम के नाम पर ही थी। वर्ष 2011 में भारत में आयोजित विश्व कप में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने कुल सात शतक लगाए थे। वर्ष 2015 में श्रीलंका ने अपने इस रिकॉर्ड को तोड़ने हुए आठ शतक लगाकर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैसे वर्ष 2007 में आयोजित विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक ऑस्ट्रेलिया ने लगाया था। इस बार कंगारू टीम की तरफ से कुल छह शतक लगाए गए थे। भारतीय टीम की तरफ से वर्ष 1999, 2011 और 2015 में पांच-पांच शतक लगे थे। हालांकि इस विश्व कप में श्रीलंका की तरफ से एक विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड कौन तोड़ता है ये देखना दिलचस्प होगा। एक विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले तीन प्रमुख देश ये हैं।
श्रीलंका (2015)- 8 शतक
श्रीलंका (2011)- 7 शतक
ऑस्ट्रेलिया (2007)- 6 शतक
भारत (1999, 2011, 2015)- 5 शतक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप