बच्चे भारत से खेलेंगे या पाक से? इस सवाल पर सानिया मिर्जा ने मारा बाउंसर
सानिया मिर्जा से यह सवाल पहले भी पूछा गया था, पर शायद अब इसे दोबारा कोई न पूछे...
नई दिल्ली। भारत की शीर्ष टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और उनके पति शोएब मलिक दोनों खिलाड़ी हैं। सानिया भारत के लिए टेनिस खेलती हैं तो शोएब पाकिस्तानी क्रिकेटर हैं। ऐसे में उनके होने वाले बच्चे के भी खेल के मैदान में ही जलवे दिखाने के ज्यादा चांस हैं। पर असल सवाल यह उठता है कि उनके बच्चे भारत के लिए खेलेंगे या पाकिस्तान के लिए? क्योंकि सानिया ने शादी के बाद भी भारत की ओर से खेलना बंद नहीं किया है।
हाल ही में एक टीवी कार्यक्रम में सानिया मिर्जा से यही सवाल पूछा गया, जबकि अभी उनका कोई बच्चा भी नहीं हुआ है। आपको बता दें कि सानिया मिर्जा और बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा काफी अच्छे दोस्त हैं। इससे पहले भी दोनों की दोस्ती सामने आ चुकी है। इस बार ये दोनों एक टीवी शो 'यारों की बारात' में साथ आईं। इसमें फिल्म डायरेक्टर साजिद खान ने सानिया से सवाल किया गया कि उनका और शोएब मलिक का बच्चा भारत के लिए खेलेगा या पाकिस्तान के लिए!
सानिया ने इस मुश्किल सवाल का जवाब शानदार अंदाज में दिया। जब साजिद खान ने सानिया से पूछा, 'मैं आपसे पाकिस्तान और भारत के हर इंसान की तरफ से एक सवाल पूछना चाहता हूं। आपकी शादी को छह साल हो चुके हैं और अब आपका बच्चा भी होगा। अगर आपका बच्चा खिलाड़ी बनना चाहे तो वह भारत के लिए खेलेगा या पाकिस्तान के लिए?'
इस पर सानिया ने कहा, 'सच बताऊं तो हम दोनों के बीच कभी इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई। हमें नहीं पता। हो सकता है वह खिलाड़ी न बनना चाहे, बल्कि एक्टर, टीचर या डॉक्टर बनना चाहे। यह अभी दूर की सोच है। मुझे हिंदुस्तानी होने पर गर्व है और शोएब को पाकिस्तानी होने पर। लेकिन फिलहाल हमें पति-पत्नी होने पर गर्व है।'
तो आप भी मानते हैं न कि सानिया ने एक बार फिर अपने शानदार जवाब से सबका दिल जीत लिया। कुछ दिनों पहले सानिया और संजय मांजरेकर की ट्विटर पर हुई भिड़ंत भी सबको याद होगी, जिसमें सानिया ने इसी तरह के बाउंसर से मांजरेकर को पस्त कर दिया था।