शाहिद आफरीदी ने पूरी दुनिया को दिया है धोखा, अब इस वर्ल्ड रिकॉर्ड का क्या होगा?
Shahid Afridi Autobiography Game Changer पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी ने अपनी आत्मकथा गेम चेंजर में एक बड़ा खुलासा किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Shahid Afridi Autobiography Game Changer: पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी ने अपनी आत्मकथा 'गेम चेंजर' में कई खुलासे किए हैं। शाहिद आफरीदी ने गेम चेंजर नाम की इस आत्मकथा में कश्मीर का जिक्र भी किया है। कश्मीर को लेकर आफरीदी ने कहा है कि कश्मीर ना भारत का है और ना ही पाकिस्तान का। कश्मीर सिर्फ कश्मीरियों का है। इसके अलावा शाहिद आफरीदी ने अपनी आत्मकथा में वास्तविक उम्र के बारे में भी जिक्र किया है।
बता दें कि शाहिद आफरीदी अपनी रियल ऐज को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहे हैं। कभी भी शाहिद आफरीदी ने अपनी रियल ऐज को कबूल नहीं किया है। लेकिन, आत्मकथा में उम्र का जिक्र करते वे एक विवाद में फंस गए हैं। शाहिद आफरीदी ने अपनी आत्मकथा गेम चेंजर में इस बात को कबूल किया है कि उनकी रियल ऐज कागजातों में दी गई उम्र से काफी ज्यादा है। शाहिद आफरीदी के मुताबिक, उनकी उम्र में पांच साल का अंतर है।
शाहिद आफरीदी अपनी कागजातों में दर्शाई गई उम्र से पांच साल बड़े हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि इस पूर्व क्रिकेट के नाम क्रिकेट के एक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है और वो भी सबसे कम उम्र में। दरअसल, आफरीदी दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने सबसे कम उम्र में वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक जड़ा है। ऐसे में क्या शाहिद आफरीदी के नाम ये वर्ल्ड रिकॉर्ड रहना चाहिए। हालांकि, आइसीसी डॉक्यूमेंट्स मांगता है। लेकिन, डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक उनकी उम्र एक मार्च 1980 है और आत्मकथा में लिखा है कि उनका जन्म 1975 में हुआ था।
आपको बता दें, सबसे कम उम्र में वनडे क्रिकेट में शाहिद आफरीदी ने मात्र 16 साल 217 दिनों की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ साल 1996 में शतक लगाया था। आफरीदी के बाद सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के उस्मान गनी के नाम है, जिन्होंने साल 2014 में जिम्बावे के खिलाफ 17 साल 242 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट में शतक ठोका था।