भारत को दो-दो विश्व कप जिताने वाला ये क्रिकेटर, दूसरे खेल में भी बना चुका है नेशनल Record
1983 के विश्व कप में उनका बल्ला तो दम नहीं दिखा सका पर उनकी गेंदों ने कमाल कर दिया।
नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। भारत ने पहला विश्व कप 25 जून 1983 को जीता था। उस टीम के कप्तान कपिल देव थे, लेकिन उस टीम में एक ऐसा खिलाड़ी भी मौजूद था, जिसने एक बार जैवलिन थ्रो में नेशनल रिकॉर्ड बनाया भी था। 19 जुलाई 1955 को रॉजर बिन्नी का जन्म हुआ था और वो भारत की तरफ से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले पहले एंग्लो इंडियन क्रिकेटर थे।
1983 विश्व कप में लिए सबसे ज़्यादा विकेट
बिन्नी एक ऑलराउंडर खिलाड़ी थे। वो गेंद और बैट दोनों से ही अपनी टीम को जीत दिला सकते थे, लेकिन 1983 के विश्व कप में उनका बल्ला तो दम नहीं दिखा सका पर उनकी गेंदों ने कमाल कर दिया। उस विश्व कप में वो सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। 1983 के वर्ल्ड कप में बिन्नी ने 8 मैचों में 18 विकेट चटकाकर भारत को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वॉर्टर फाइनल में उन्होंन और मदन लाल ने 4-4 विकेट चटकाए। वहीं फाइनल में भी बिन्नी ने क्लाइव लॉयड का चटकाकर भारत की जीत में योगदान दिया था।
जैवलिन थ्रो में भी बनाया रिकॉर्ड
रोजर बिन्नी को शुरू से ही खेलों से लगाव था। एक समय उनके नाम लड़कों के जेवलिन थ्रो की प्रतिस्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड था। वहीं, बचपन में फुटबॉल और हॉकी में भी उन्होंने अपने स्कूल का प्रतिनिधित्व किया।
क्रिकेट के बाद बने कोच
बिन्नी साल-2000 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के कोच थे। उस वर्ल्ड कप से मोहम्मद कैफ और युवराज सिंह जैसे स्टार खिलाड़ी उभरे। बाद में बिन्नी रणजी ट्रॉफी में बंगाल के भी कोच रहे। इसके बाद वह कर्नाटर स्टेट क्रिकेट असोसिएशन से भी जुड़े।
कोच के बाद बने चयनकर्ता
रोजर बिन्नी 2012 में राष्ट्रीय चयनकर्ता भी नियुक्त हुए। वह चयन समिति के 5 सदस्यीय समिति के सदस्य थे। इसी समिति ने आगे जाकर आइसीसी वर्ल्ड कप 2017 और आइसीसी वर्ल्ड टी-20 2016 की टीम भी चुनी थी। 2015 वर्ल्ड कप टीम में उनके बेटे स्टुअर्ट बिन्नी भी चुने गए थे और इसलिए कई सवाल भी खड़े हुए।
ऐसा रहा क्रिकेट करियर
रोजर बिन्नी ने भारत के लिए 27 टेस्ट मैच खेलते हुए 830 रन बनाए। इसमें 5 अर्धशतक भी शामिल हैं। टेस्ट में बिन्नी का उच्चतम स्कोर 83 रन का रहा। इसके साथ ही बिन्नी ने 47 विकेट भी झटके। जहां तक वनडे करियर की बात है तो बिन्नी ने 72 वनडे मैच में एक अर्धशतक की बदौलत कुल 629 रन बनाए। वनडे में रोजर के नाम 77 विकेट हैं।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें