IPL के सबसे युवा कप्तानों की सूची में जुड़ा रिषभ पंत का नाम, पहुंचे इस नंबर पर
IPL 2021 के दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने नए कप्तान के साथ मैदान पर उतरी। रिषभ पंत जैसे ही टॉस के लिए मैदान पर उतरे तो वे आइपीएल के सबसे युवा कप्तानों की लिस्ट में शुमार हो गए।
नई दिल्ली, जेएनएन। विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल के इतिहास में एक टीम का नेतृत्व करने वाले पांचवें सबसे युवा कप्तान बन गए। आइपीएल 2021 के दूसरे मैच में एमएस धौनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान के रूप में रिषभ पंत जैसे ही टॉस के लिए मैदान पर उतरे तो उन्होंने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर के कंधे की चोट के कारण बाहर होने के बाद रिषभ पंत को आइपीएल 2021 के लिए अपना कप्तान बनाया था। पंत ने पिछले दिनों दिल्ली की राज्य टीम की कप्तानी की। वह 2017 में सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में भी दिल्ली के कप्तान थे। हालांकि, पहली बार वे फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बतौर कप्तान नजर आए हैं और पांचवें सबसे युवा कप्तान बन गए हैं।
विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, सुरेश रैना और श्रेयस अय्यर के बाद रिषभ पंत आइपीएल में पांचवें सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम की कप्तानी 22 साल 6 महीने की उम्र में संभाली थी और वे उस समय आइपीएल के सबसे युवा कप्तान बने थे। ये रिकॉर्ड आज तक आइपीएल के इतिहास में कायम है। उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी इतनी कम उम्र में आइपीएल टीम का कप्तान नहीं बना है।
रिषभ पंत के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि पिछले साल श्रेयस अय्यर दिल्ली कैपिटल्स को अपने पहले आइपीएल फाइनल में ले गए थे। अय्यर की कप्तानी में दिल्ली ने पिछले दो सत्रों में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था, यही वजह है कि इस साल पंत पर भी ऐसा ही करने का थोड़ा दबाव होगा। वहीं, अगर रिषभ पंत आइपीएल 2021 में दिल्ली की फ्रेंचाइजी को आइपीएल का खिताब जीतने में कामयाब होते हैं तो वे सबसे युवा कप्तान बन जाएंगे।
IPL के सबसे युवा कप्तान
22 साल 06 महीने- विराट कोहली
22 साल11 महीने- स्टीव स्मिथ
23 साल 03 महीने- सुरेश रैना
23 साल 04 महीने- श्रेयस अय्यर
23 साल 06 महीने- रिषभ पंत