रोहित शर्मा को पीछे छोड़ मार्टिन गप्टिल बने T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज, मैच में लगे कुल 31 छक्के
Martin Guptill broke Rohit Sharma record न्यूजीलैंड के ओपनर बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 97 रन की पारी खेली और अपनी पारी में 8 छक्के लगाकर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। ऑस्ट्रेलिया व न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में छक्कों की बारिश हुई। इस मैच में चार रन से न्यूजीलैंड को काफी करीबी जीत मिली और इस टीम के ओपनर बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल की पारी देखने के लायक थी। मार्टिन गप्टिल ने ना सिर्फ तूफानी पारी खेली बल्कि अपनी पारी में 8 छक्के लगाते हुए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम पर कर लिया।
मार्टिन गप्टिल ने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा-
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मार्टिन गप्टिल ने 50 गेंदों पर 6 चौके व 8 छक्कों की मदद से 97 रन बनाए, लेकिन अपनी पारी में लगाए गए इन छक्कों के दम पर वो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया जो पहले नंबर पर थे। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब गप्टिल के नाम पर कुल 132 छक्के हो गए हैं जबकि रोहित शर्मा के नाम पर अभी तक कुल 127 छक्के दर्ज हैं। इस मामले में 113 छक्कों इयोन मोर्गन तीसरे जबकि कॉलिन मुनरो 107 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं। पांचवें नंबर पर क्रिस गेल हैं जिन्होंने अब तक 105 छक्के लगाए हैं।
मैच में लगे कुल 31 छक्के-
न्यूजीलैंड व ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में कुल 31 छक्के लगे। इसमें न्यूजीलैंड की तरफ से कुल 18 छक्के जबकि ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 13 छक्के जड़े गए। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 219 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 220 रन का लक्ष्य मिला। ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 215 रन ही बना पाई और टीम को चार रन से हार मिली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मार्कस स्टाइनिस ने 37 गेंदों पर सबसे ज्यादा 78 रन की पारी खेली जबकि मैक्सवेल फेल रहे और उन्होंने सिर्फ 3 रन बनाए।