IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं क्रिस गेल, विराट भी कर चुके हैं ऐसा
IPL 2020 आइपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज क्रिस गेल हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। आइपीएल के अगले सीजन यानी IPL 2020 की शुरुआत इस बार 29 मार्च से की जाएगी। एक बार फिर से इस आइपीएल में क्रिकेट फैंस की निगाहें तूफानी बल्लेबाजों पर होगी जो अपने ताबड़तोड़ और आकाशी शॉर्टस के लिए मशहूर हैं। आइपीएल में सबसे ज्यादा हिट वही बल्लेबाज होता है जो अपनी पारी से खेल प्रेमियों का सबसे ज्यादा मनोरंजन करता है और ये मुमकिन हो पाता है चौकों और छक्कों के जरिए। वैसे तो आइपीएल में अब तक एक से बढ़कर एक आक्रामक बल्लेबाज हुए हैं और इस बार भी कई ऐसे बल्लेबाज इस लीग में शामिल हैं, लेकिन इस लीग में अब तक एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज क्रिस गेल ही हैं और वो अब तक इस मामले में नंबर एक पर कायम हैं।
क्रिस गेल के नाम पर कमाल का रिकॉर्ड
आइपीएल की चर्चा हो और क्रिस गेल की बात ना की जाए तो कुछ अधूरा-अधूरा सा लगता है क्योंकि उन्होंने इस लीग में अब तक अपनी कई तूफानी पारी के दम पर कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हुए हैं जो सामान्य तो नहीं लगता। वैसे तो आइपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्का लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर है, लेकिन गेल कई आइपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रहे हैं और वो ये कमाल चार बार कर चुके हैं। आइपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर आंद्रे रसेल हैं तो आरसीबी के कप्तान विराट कोहली भी एक सीजन में ये कमाल कर चुके हैं।
क्रिस गेल ने आइपीएल के 2012 सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्के लगाए थे जो अब तक एक रिकॉर्ड है। तो वहीं दूसरे नंबर पर पिछले सीजन यानी साल 2019 में आंद्रे रसेल ने कुल 52 छक्के लगाए थे और वो दूसरे स्थान पर हैं।
आइपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
क्रिस गेल - 59 (2012)
आंद्रे रसेल - 52 (2019)
क्रिस गेल - 51 (2013)
क्रिस गेल - 44 (2011)
विराट कोहली - 38 (2016)
क्रिस गेल - 38 (2015)