BCCI अध्यक्ष बनने से पहले सौरव गांगुली के लिए टीम इंडिया ने बनाया प्लान, ऐसे करेंगे स्वागत!
23 अक्टूबर को गांगुली को आधिकारिक तौर पर बीसीसीआई का अध्यक्ष बना दिया जाएगा। टीम इंडिया ने पूर्व कप्तान के अध्यक्ष पद संभालने से पहले कुछ खास प्लान बनाया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का अगला अध्यक्ष चुना गया है। 23 अक्टूबर को गांगुली को आधिकारिक तौर पर बीसीसीआई का अध्यक्ष बना दिया जाएगा। टीम इंडिया ने पूर्व कप्तान के अध्यक्ष पद संभालने से पहले कुछ खास प्लान बनाया है।
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 65 साल बाद ऐसा होगा जब कोई पूर्व कप्तान BCCI के अध्यक्ष पद को संभालेगा। गांगुली को पिछले हफ्ते इस पद के लिए चुना गया था। पूर्व उपाध्ययक्ष राजीव शुक्ला ने इस बात की घोषणा की थी। 23 अक्टूबर को गांगुली बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार लंभालेंगे।
टीम इंडिया ने बनाया स्वागत का प्लान
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला रांची में खेला जा रहा है। भारतीय टीम सोमवार को जीत के बेहद करीब पहुंची और मंगलवार को वह हर हाल में इसमें जीत हासिल करना चाहेगी। मंगलवार को 22 तारीख और टीम इंडिया की चाहत होगी की पूर्व कप्तान गांगुली के BCCI अध्यक्ष बनने से पहले उनका स्वागत जीत के साथ किया जाए।
भारत बड़ी जीत से दो कदम दूर
रांची टेस्ट के तीसरे दिन भारत ने साउथ अफ्रीका टीम को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया भारत ने पहली पारी 9 विकेट पर 497 रन बनाकर घोषित की थी जवाब में साउथ अफ्रीका पहली पारी में महज 162 रन पर सिमट गई। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मेहमान टीम को फॉलोऑन देने का फैसला किया। दूसरी पारी में भारत की शानदार गेंदबाजी के आगे साउथ अफ्रीका की टीम ने 132 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे। चौथे दिन भारत के लिए जीत औपचारिकता मानी जा रही है।
साउथ अफ्रीका का क्लीन स्वीप
भारत ने सीरीज के पहले दो मुकाबले में जीत हासिल कर इसे पहले ही अपने नाम कर लिया था। अब आखिरी मुकाबला जीतकर भारत साउथ अफ्रीका को 3-0 से हरा उसका क्लीन स्वीप करने की दहलीज पर है।