Ind vs WI: 399 पर अटके रोहित शर्मा, वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 छक्के की है जरूरत
India vs West Indies रोहित शर्मा छक्के लगाने में माहिर है और वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 छक्का लगाते ही वह इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज करवा लेंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक ओपनर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) वेस्टइंडीज के खिलाफ (India vs West Indies) इतिहास रचने के करीब हैं। वेस्टइंडीज को खिलाफ भारत को 3 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज में खेलना है। टीम इंडिया का ये धुरंधर छक्के लगाने में माहिर है और वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 छक्का लगाते ही रोहित इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज करवा लेंगे।
टीम इंडिया हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने उतरेगी। इस मुकाबले में सबकी नजर हिट मैन रोहित शर्मा के उपर रहेगी। रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में 400 छक्के लगाने से महज 1 कदम दूर हैं। 399 छक्के लगा चुके रोहित एक छक्का लगाने के साथ ही यह बड़ा रिकॉर्ड बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
रोहित शर्मा के नाम होगा बड़ा रिकॉर्ड
भारत की तरफ से तीनों फॉर्मेट में पारी की शुरुआत करने वाले रोहित शर्मा अब तक 399 छक्के लगा चुके हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 छक्का लगाकर वह इस आंकड़े को 400 तक पहुंचा सकते हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पारी की शुरुआत करते हुए रोहित ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। 19 छक्के लगाकर रोहित किसी सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले बल्लेबाज बने थे। रोहित ने टेस्ट में 52, वनडे में 232 और टी20 क्रिकेट में कुल 115 छक्के लगाए हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्याद छक्के
सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (Chris Gayle) का नाम नंबर वन पर आता है। गेल ने 534 छक्के लगाए हैं उनके बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी (Shahid Afridi) का नाम आता है। उनके नाम कुल 476 छक्के लगाने का एशियाई रिकॉर्ड दर्ज है। रोहित शर्मा 400 छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 264 जबकि धौनी ने 359 इंटरनेशनल छक्के लगाए हैं।