IND vs WI: एक पारी और इतने सारे रिकॉर्ड्स तोड़ गए 'रोहित शर्मा'
ये रोहित शर्मा का चौथा टी-20 शतक है और ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
नई दिल्ली, (जागरण स्पेशल)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 मैच में रोहित शर्मा की ऐसी आंधी आई कि मेहमान टीम के गेंदबाजों के परखच्चे उड़ गए। इस मैच में उन्होंने 61 गेंद पर नाबाद 111 रन की आतिशी पारी खेल इतिहास रच दिया। इस पारी में रोहित के बल्ले से 8 चौके और 7 छक्के निकले।
ये रोहित शर्मा का चौथा टी-20 शतक है और ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले रोहित और कीवी बल्लेबाज कोलिन मुनरो टी-20 मैचों में 3 शतक लगाकर संयुक्त रूप से नंबर वन थे लेकिन अब उन्होंने मुनरो को पछाड़ नंबर वन की गद्दी हासिल कर ली। रोहित ने इस पारी में एक ही नहीं बल्कि कई रिकॉर्ड्स बनाए।
टी 20 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
इस मैच में रोहित भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ा। रोहित शर्मा ने अब तक अपने टी-20 करियर में 86 मैचों में करीब 34 की औसत से 2203 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं विराट ने अब तक अपने क्रिकेट करियर में 62 मैच खेले हैं जिसमें 48.88 की औसत से 2102 रन बनाए हैं।
टी-20 क्रिकेट में छक्के लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर रोहित
यही नहीं रोहित ने इस मैच में छक्कों की बरसात कर टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। इस पारी के बाद रोहित के नाम 96 छक्के दर्ज हो गए हैं। इस लिस्ट में उन्होंने न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकलम को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 91 छक्के लगाए थे।
छक्के लगाने के मामले में पहले स्थान पर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल काबिज है, इन दोनों ही बल्लेबाजों ने 103 छक्के लगाए हुए हैं। वहीं रोहित और मैकलम के बाद शेन वॉटसन और कोलिन मुनरो का नंबर आता हैं, जिन्होंने टी-20 क्रिकेट में 83 छक्के लगाए हुए हैं।
सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी में साझेदार
रोहित शर्मा टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी करने वाले बल्लेबाज है। रोहित ये कारनामा 8 बार कर चुके हैं। इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल और इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 7 बार शतकीय साझेदारी में हिस्सा लिया। वहीं 10 खिलाड़ियों ने 5 से ज्यादा बार शतकीय साझेदारी की है।
धवन के साथ तीसरी बार शतकीय साझेदारी
दूसरे टी-20 मैच में रोहित ने शिखर धवन के साथ तीसरी बार 100 से ज्यादा रन की साझेदारी की। इससे पहले वह विराट कोहली के साथ भी 3 बार शतकीय साझेदारी कर चुके हैं। वहीं कप्तान के तौर पर 2 शतक लगाने वाले भी वह पहले बल्लेबाज है।
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार पार किया 50+ का स्कोर
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में रोहित ने 19वीं बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया। टी-20 क्रिकेट इतिहास में 50 से ज्यादा का स्कोर सबसे ज्यादा बार रोहित शर्मा ने ही बनाया है। इस मामले में उन्होंने भारतीय कप्तान विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया।
विराट ने अपने टी-20 करियर में 18 बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। वहीं न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल इस मामले में तीसरे नंबर पर हैं। इस कीवी बल्लेबाज ने 16 बार ये कारनामा किया है।